AAP-कांग्रेस के कुशासन ने चंडीगढ़ नगर निगम को बनाया कंगाल: देवशाली

कहा- आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के मेयर व अन्य नेता पूरे साल सिर्फ अपना और अपनों का हित साधने में लगे रहे

CHANDIGARH, 17 JANUARY: भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर चंडीगढ़ नगर निगम को कंगाल बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस अनैतिक गठबंधन के कुशासन ने शहर का विकास ठप्प कर दिया है।

प्रेस को जारी विज्ञप्ति में देवशाली ने कहा कि इस ठगबंधन की गलत नीतियों के कारण जहां शहर की जनता टूटी हुई सड़कों, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों से परेशान हैं तो वहीं नगर निगम गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यहां तक नौबत पहुंच चुकी है कि निगम के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। ख़बरें तो यह भी आ रही हैं कि चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा वेतन भुगतान के लिए ऋण लेने की भी तैयारी की जा रही है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के एक साल के कार्यकाल में ही नगर निगम का आर्थिक ढांचा ध्वस्त हो गया है।

देवशाली ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के महापौर और अन्य नेता शहरवासियों और चंडीगढ़ नगर निगम के हित की चिंता करने के बजाय पूरे साल अपना और अपनों का हित साधने में ही जुटे रहे और परिणामस्वरूप नगर निगम कंगाल हो गया।

देवशाली ने कहा कि पड़ोसी राज्य पंजाब और दिल्ली में एक-दूसरे को पानी पी-पीकर कोसने का दिखावा करने वाले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने चंडीगढ़ में सत्ता प्राप्त करने के लिए जिस प्रकार का गठबंधन किया है, उसने चंडीगढ़ नगर निगम को तो कंगाल बनाया ही, साथ ही यह भी सिद्ध कर दिया कि दोनों दल एक ही थैली के चट्टे-बट्टे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!