कांग्रेस महिलाओं को नौकरियों में 50 प्रतिशत आरक्षण देगी: अलका लांबा

चंडीगढ़ में नंदिता हुड्डा के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचीं महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष

कहा- भाजपा का 10 सालों का शासनकाल खास तौर पर महिलाओं के लिए सबसे बुरा दौर साबित हुआ

CHANDIGARH, 25 APRIL: केंद्र में कांग्रेस/इंडिया गठबंधन की सरकार केंद्र सरकार की नौकरियों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देगी। यह घोषणा आज यहां अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने की। लांबा यहां चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष नंदिता हुड्डा के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में देश के सभी वर्गों के लोगों को जगह दी है। खासतौर पर इसमें ‘नारी न्याय’ के तहत महिलाओं के लिए विशेष प्रावधान है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकारी नौकरियों में 50 फीसदी आरक्षण दिए जाने के अलावा, देशभर के हर गरीब परिवार की एक महिला को हर साल उसके बैंक खाते में एक लाख रुपये मिलेंगे। उन्होंने कहा कि इससे पूरे परिवार को अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी। इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी शासन के बीते 10 साल देश के लिए बुरे रहे हैं, जिसमें खासतौर पर महिलाओं की स्थिति और भी खराब रही। उन्होंने खुलासा किया कि किस प्रकार भाजपा शासन में बलात्कार के आरोपियों को संरक्षण दिया गया। उन्होंने महिला ओलंपियनों के विरोध का जिक्र किया और जिक्र किया कि किस तरह मोदी सरकार ने उनके साथ निर्दयतापूर्वक व्यवहार किया व आरोपियों को बचाया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंडीगढ़ संसदीय सीट से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार मनीष तिवारी ने उनकी प्रचार मुहिम को मजबूत करने और सक्रिय समर्थन देने के लिए महिला कांग्रेस की नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कल्याण और उत्थान के लिए काम करने की कांग्रेस की परंपरा और इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी ही थे, जिन्होंने स्थानीय निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण की शुरुआत की, जो परंपरा आखिरकार संसद और राज्य विधानसभाओं जैसे विधायी निकायों में महिलाओं के लिए आरक्षण की ओर बढ़ रही है।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, पंजाब महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष गुरदर्शन कौर, हरियाणा अध्यक्ष सुधा भारद्वाज, पंजाब महिला कांग्रेस अध्यक्ष गुरशरण कौर रंधावा, चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अनीता शर्मा, पूर्व चंडीगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी चौधरी, चंडीगढ़ महिला कांग्रेस की महासचिव बलविंदर कौर, सुमन लता, ममता राणा, सोनिया जायसवाल, बबीता, ललिता रानी, परविंदर चीना भी मौजूद रहीं।

error: Content can\\\'t be selected!!