मलोया में घरों से AAP-कांग्रेस के इशारे पर उखाड़ी गईं मोदी परिवार की नेम प्लेटेंः जितेंदरपाल मल्होत्रा

भाजपा के प्रदेश सचिव संजीव राणा ने पुलिस को दी शिकायत

CHANDIGARH, 18 MARCH: मलोया के करीब 300 परिवारों द्वारा अपने घरों पर लगाई गई ‘मैं मोदी का परिवार’ की नेम प्लेटें उखाड़ने के मामले को लेकर आज यहां स्थिति तनावपूर्ण बन गई। भाजपा ने इस घटनाक्रम का आरोप नगर निगम चंडीगढ़ पर लगाया है। वहीं इस घटना के बाद चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जितेंदरपाल मल्होत्रा के नेतृत्व में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मलोया थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। जानकारी यह भी मिली है कि भाजपा के प्रदेश सचिव संजीव राणा ने इस संदर्भ में थाना पुलिस को शिकायत दी है और पुलिस को चेताया है कि नगर निगम की इस हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संजीव राणा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के तंज का जवाब देते हुए मलोयावासियों ने अपने घरों पर ‘मैं मोदी का परिवार’ की नेम प्लेटें लगाई थीं। आज उन्हें सूचना मिली कि मलोया में जिन घरों पर यह प्लेटें लगी थीं, उन्हें आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के इशारे पर नगर निगम चंडीगढ़ ने पुलिस की मदद लेकर उखाड़ दिया। राणा ने इस घटना पर कड़ा गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी निजी संपत्ति पर खुद की मर्जी से जिस पार्टी का चाहे बैनर, झंडा या सामग्री लगा सकता है मगर हद की बात यह है कि नगर निगम ने अपने अधिकार का गलत इस्तेमाल करते हुए लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर उनके नेता के बैनर ही उखाड़ दिए। राणा ने कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस घटना की सूचना मिलते ही संजीव राणा द्वारा चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जितेंदरपाल मल्होत्रा को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। यह जानकारी मिलते ही मल्होत्रा मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने इस संदर्भ में पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों से भी बात की। उन्होंने कहा कि मलोया में घरों से AAP-कांग्रेस के इशारे पर मोदी परिवार की नेम प्लेटें उखाड़ी गईं हैं। अभी तक सिर्फ 300-400 लोगों ने ही अपने घर के बाहर मैं मोदी का परिवार की नेम प्लेटें लगाई थी, जिसे आम आदमी पार्टी और कांग्रेस नेता सहन नहीं कर सके, लेकिन मोदी और उनके द्वारा किए गए कार्य जनता की नस-नस में हैं। उसे वह कैसे बाहर करेंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री हुकुम चंद, डा. बीआर अंबेडकर जिले के अध्यक्ष रवि रावत और अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के अलावा मलोयावासी मौजूद रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!