लद्दाख के दुर्गम क्षेत्रों के 15 छात्रों ने UTCA प्रेसिडेंट संजय टंडन से सांझा किए अनुभव, सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम का भी किया दौरा

भारतीय सेना के गोद लिए छात्रों का बैच आपरेशन सद्भावना के तहत पहुंचा चंडीगढ़

CHANDIGARH, 21 JANUARY: भारतीय सेना के `कैपेसिटी बिल्डिंग टूर’ के तहत आज लद्दाख से 15 छात्रों का एक बैच चंडीगढ़ पहुंचा। इन सभी छात्रों ने UTCA के प्रेसिडेंट संजय टंडन के साथ अपने-अपने अनुभव सांझा किए। इस दौरान संजय टंडन ने छात्रों से उनकी शिक्षा, रहन-सहन और लद्दाख के माहौल बारे भी जानकारी हासिल की। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए सरकारी माध्यमों से उनके पास अनेक मौके हैं, जिनका उन्हें लाभ उठाना चाहिए।

लद्दाख के दूर-दराज एवं दुर्गम क्षेत्रों के निवासी फियांग के वॉर विडो चिल्ड्रन हॉस्टल के इन छात्रों को भारतीय सेना द्वारा गोद लिया गया है। यह सभी छात्र आज कैप्टन मेघा रावत के मार्गदर्शन में चंडीगढ़ पहुंचे।

भारतीय सेना की यह पहल LOC व LAC के चरम क्षेत्रों में रहने वाले लद्दाख के युवाओं के लिए प्रत्यक्ष जानकारी हासिल करने का माध्यम है। इससे इन क्षेत्रों के छात्रों को स्व: रोजगार की दिशा में अपनी क्षमताओं को बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा। साथ ही इसके माध्यम से विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, परंपराओं और प्रथाओं को जानने/समझने का अवसर मिलेगा। इससे राज्यों के बीच आपसी समझ व जुड़ाव बढ़ेगा और भारत की एकता-अखंडता को मजबूती मिलेगी।

चंडीगढ़ में छात्रों के इस बैच की यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर अध्ययन केंद्र द्वारा सहायता प्रदान की गई है। अध्ययन केंद्र इन छात्रों के साथ मिलकर राष्ट्रवाद पर बातचीत करेगा, जिसका उद्देश्य धर्म व क्षेत्र की भिन्नता पर भी `भारत एक है’, होगा। जम्मू-कश्मीर स्टडी सेंटर चंडीगढ़ चैप्टर द्वारा कहा गया है कि एक-दूसरे को समझने-सम्मान व एक दूसरे की संस्कृति/परंपराओं से लगाव के लिए आपसी बातचीत शुरू करनी चाहिए। 15 छात्रों के बैच के अतिरिक्त तीन सैन्य अधिकारी और जम्मू-कश्मीर अध्ययन केंद्र कौर कमेटी के सदस्य भी चंडीगढ़ पहुंचे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!