2024 का चुनाव भाजपा बनाम सम्पूर्ण विपक्ष होगा, BJP कार्यकर्ता अभी से कमर कस लें: देवशाली

भारत रत्न अटल जिला की कार्यकारिणी बैठक के समापन सत्र को किया सम्बोधित, बोले-निरंतर जनसंपर्क ही संगठन विस्तार की कुंजी

CHANDIGARH, 6 FEBRUARY: 2024 का लोकसभा चुनाव देशभर में भारतीय जनता पार्टी बनाम सम्पूर्ण विपक्ष होगा। आज देश में किसी भी राजनीतिक दल में न तो भाजपा के समकक्ष नेतृत्व है और न ही नीति। किसी भी पार्टी में अकेले भाजपा से प्रतिस्पर्धा करने का साहस भी नहीं है। इसलिए भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता को अभी से स्वयं को मानसिक रूप से इस चुनाव के लिए तैयार कर लेना चाहिए और हिन्दुस्तान के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प लेना चाहिए। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण विभाग के चंडीगढ़ प्रदेश संयोजक एवं पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने आज भारत रत्न अटल जिला की कार्यकारिणी बैठक के समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए कही।

देवशाली ने कहा कि सम्पूर्ण देश के लिए यह गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सर्वाधिक शक्तिशाली और लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित हुए हैं। भाजपा ने कभी भी सत्ता-प्राप्ति के लिए अपने सिद्धांतों को तिलांजलि नहीं दी, अपितु सिद्धांतों के लिए सत्ता का परित्याग किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को कार्यकर्ताओं से एक साथ सुनने का आह्वान करते हुए देवशाली ने कहा कि यह विश्व के इतिहास में एकमात्र उदाहरण है, जहां देश के प्रधानमंत्री प्रति माह जनता से सीधा संवाद करते हैं। इतना ही नहीं, इस पूरे कार्यक्रम में पूर्णतः गैर-राजनीतिक बातें की जाती हैं और केवल राष्ट्र के विकास तथा राष्ट्रवाद की बात की जाती है।

जिला कार्यकारिणी बैठक को संबोधित करते हुए शक्ति प्रकाश देवशाली।

देवशाली ने कहा कि आज भारत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ नए आयाम तक पहुंचाया है। चंडीगढ़ जैसे शहर में 60000 से अधिक परिवारों को ‘प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना’ के अंतर्गत 5 लाख रुपए तक वार्षिक निःशुल्क चिकित्सा उपलब्ध करवाई जा रही है। देश की 80 करोड़ से अधिक जनसंख्या को विगत लगभग तीन वर्षों से निःशुल्क राशन वितरित किया जा रहा है, जो कि सब्सिडी के अतिरिक्त है। शक्ति प्रकाश देवशाली ने सभी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर समितियों के गठन, पन्ना समिति तथा शक्ति केंद्रों को सुदृढ़ करने के लिए कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि निरंतर जनसंपर्क ही संगठन विस्तार की कुंजी है।

अडानी मामलाः चंडीगढ़ कांग्रेस ने सेक्टर-17 में SBI मुख्यालय पर किया जोरदार विरोध प्रदर्शन
error: Content can\\\'t be selected!!