2024 की लड़ाई मोदी बनाम ऑल, ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ के मंत्र से जीतेंगे लोकसभा चुनाव: जतिंदर पाल मल्होत्रा

भाजपा की चंडीगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी की पहली बैठक में बनाई गई चुनावी रणनीति, पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के निधन पर शोक भी जताया

CHANDIGARH, 11 FEBRUARY: भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा की अध्यक्षता में आज भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी पहली बैठक सेक्टर-33 स्थित प्रदेश कार्यालय कमलम में हुई। इसमें लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति बनाई गई।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी कैलाश चंद जैन ने बताया कि बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के साथ महामंत्री अमित जिंदल, डा. हुकम चंद , पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, कमला शर्मा, धर्मपाल गुप्ता के अलावा सभी प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष–महामंत्री, सभी मोर्चा अध्यक्ष–महामंत्री, सभी मंडल अध्यक्ष, सभी प्रकोष्ठ और विभागों के संयोजक, पार्षद तथा सभी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शामिल हुए। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने पार्टी द्वारा भविष्य में किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव के लिए कमर कस लेने का आह्वान किया, ताकि 2024 का लोकसभा चुनाव रिकॉर्ड मार्जिन से जीत सकें। उन्होंने कहा कि ‘बूथ जीता-चुनाव जीता’ मंत्र के तहत हर बूथ पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की जिम्मेवारी तय की जा रही है, जो उस विशेष बूथ के पालक होंगे तथा अपने बूथ पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के लिए समर्पण, देश सेवा और राष्ट्र सेवा तथा उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता के बारे में भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए मोदी को फॉलो करना पड़ेगा तथा हर एक कार्यकर्ता को व्यक्तिगत अनुशासन अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि 2024 की चुनावी लड़ाई मोदी बनाम ऑल होगी।

प्रदेश सचिव रमेश सहोर ने पिछली कार्यकारिणी के बाद दिवंगत हुए कार्यकर्ताओं अथवा उनके रिश्तेदारों की आत्मा की शांति के लिए प्रस्ताव प्रस्ताव पेश किया तथा उपस्थित सभी सदस्यों ने 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। शहर के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के निधन पर भी शोक व्यक्त किया गया।

प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली ने राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया, जिसमें राजनीतिक परिवेश पर चर्चा की गई। प्रस्ताव में केंद्र सरकार की राजनीतिक सोच के बारे में विस्तार से बताया गया , मोदी की गारंटी, श्रीराम मंदिर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, अंत्योदय, भारत की वैश्विक शक्ति के रूप पहचान, भ्रष्टाचार पर नकेल, असली हकदारों को भारत रत्न सम्मान, प्रधानमंत्री द्वारा दी गई चार जातियां (GYAN) गरीब, युवा अन्नदाता व नारी का उल्लेख किया गया। इसके अलावा महिलाओं के 33% आरक्षण, धारा 370 की समाप्ति, भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था के साथ ही चंडीगढ़ में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख भी इस प्रस्ताव में किया गया। प्रस्ताव का प्रथम अनुमोदन प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश चंद जैन द्वारा किया गया तथा द्वितीय अनुमोदन पूनम शर्मा ने किया। अन्य कार्यकर्ताओं ने भी इस प्रस्ताव पर अपने विचार प्रकट किए।
शहर के महापौर मनोज सोनकर ने भाजपा शासित नगर निगम के कार्यों तथा उपलब्धियां के बारे में जानकारी दी।

बैठक के संगठनात्मक सत्र में संगठन के विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा पार्टी द्वारा चुनाव जीतने के लिए कार्य करने की पद्धति के बारे में दिशा निर्देश दिए गए। सभी जिला अध्यक्षों व मोर्चा अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों तथा मोर्चा का वृत्त दिया। प्रकोष्ठों तथा विभागों की कार्यशैली की रिपोर्ट भी ली गई। बैठक में लोकसभा चुनाव की जीत की योजना बनाई गई तथा पार्टी के कार्यों में तेजी लाने का सभी से आग्रह किया गया। 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत के संकल्प के साथ बैठक संपन्न हुई।

error: Content can\\\'t be selected!!