उत्तराखंड युवा मंच के 32वें रक्तदान शिविर में 292 लोगों ने दिया खून

रक्तदानियों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित

CHANDIGARH, 20 APRIL: उत्तराखंड युवा मंच चंडीगढ़ ने आज 32वां रक्तदान शिविर गढ़वाल भवन सेक्टर-29 चंडीगढ़ में आयोजित किया, जिसमें 292 रक्तदानियों ने रक्तदान किया। शिविर में डॉक्टरों की टीम पीजीआई और पार्क ग्रेसियन अस्पताल से आई थी।

शिविर का उदघाटन मुख्यातिथि के तौर पर उपस्थित हुए पंजाब नेशनल बैंक के डिप्टी सर्किल हेड पवन भाटिया ने किया। इस दौरान उनके साथ उत्तराखंड युवा मंच के अध्यक्ष धर्मपाल रावत व अन्य सदस्यों में महासचिव रवींद्र चौहान, संयोजक नरेंद्र रावत, कालिका प्रसाद, उमेश सलवासी, अरविंद रावत, प्रदीप कुमार, नवीन, मुकेश रावत, राकेश व अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे। शिविर के दौरान रक्तदानियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस शिविर में भाजपा नेता वीरेंद्र रावत ने भी विशेष तौर पर शिरकत की।

इस अवसर पर उत्तराखंड युवा मंच के अध्यक्ष धर्मपाल रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मंच एक सामाजिक संस्था है, जो पिछले 32 वर्षों से निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटी हुई है। इसकी नींव उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रखी गई थी। रावत ने बताया कि मंच द्वारा रक्तदान शिविर, पौधारोपण कार्यक्रम, पारिवारिक मिलन समारोह, खेलकूद प्रतियोगिताएं, साहसिक ट्रैकिंग अभियान, असहाय लोगों की मदद, आर्थिक रूप से पिछड़े छात्रों को सहायता व विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं। उन्होंने बताया कि अब तक मंच द्वारा 31 रक्तदान शिविर व 32 पौधारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा चुका है, जो मंच की सतत सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

error: Content can\\\'t be selected!!