कांग्रेस में चंडीगढ़ सीट से लोकसभा टिकट के लिए बंसल ने भी किया आवेदन, समय सीमा खत्म, लक्की व केसरी समेत कुल 6 ने जताई दावेदारी

AAP के अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की बोले-पिक्चर अभी बाकी है

Neeraj Adhikari

CHANDIGARH, 10 FEBRUARY: चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बनने के लिए पार्टी के कुल 6 नेताओं व कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की चुनाव समिति के समक्ष आवेदन किया है। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं चंडीगढ़ के पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की भी शामिल हैं। आज टिकट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि थी। इस बीच, लक्की ने चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी द्वारा अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने के ऐलान पर भी प्रतिक्रिया दी है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की चुनाव समिति ने लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ सीट से उम्मीदवार बनने के इच्छुक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को 10 फरवरी को शाम 4 बजे तक आवेदन करने का समय दिया था। आज अंतिम तिथि और अंतिम समय तक कुछ 6 पार्टी नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस से टिकट मांगने के लिए सामने आए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बताया कि लोकसभा टिकट के लिए आवेदन करने वाले कुल 6 लोगों में उनके (एचएस लक्की) के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, पूर्व मेयर रविंदर पाल सिंह पाली, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनोज लुबाना, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष हरमेल केसरी और डडडूमाजरा के पार्टी कार्यकर्ता सतीश मचल का नाम शामिल है। लक्की ने बताया कि आवेदनों की जांच 13.02.2024 को प्रदेश चुनाव समिति द्वारा की जाएगी। इसके बाद सभी पात्र आवेदकों के नामांकन पर विचार करने के लिए उसी दिन पार्टी कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंडीगढ़ के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन भक्त चरण दास की अध्यक्षता में प्रदेश चुनाव समिति की पुनः एक बैठक होगी, जिसमें समिति योग्यता के आधार पर अपनी सिफ़ारिशें कांग्रेस आलाकमान को भेजेगी। किसी एक उम्मीदवार को पार्टी टिकट देने पर अंतिम निर्णय कांग्रेस हाईकमान लेगी।

इस बीच, चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर आम आदमी पार्टी द्वारा अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि AAP से गठबंधन सिर्फ चंडीगढ़ मेयर चुनाव को लेकर हुआ था, जो कि पहले की तरह ही बरकरार है। इसमें कोई बदलाव नहीं है। जहां तक लोकसभा चुनाव की बात है तो चंडीगढ़ कांग्रेस यह चुनाव पूरी मजबूती से लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है, चाहे अकेले लड़े या किसी के समर्थन से। चंडीगढ़ में जीत कांग्रेस उम्मीदवार की ही होगी। लक्की ने यह भी कहा कि राजनीति में संभावनाएं अंतिम समय तक बनी रहती हैं। मेयर चुनाव में भी AAP से समझौता नामांकन दाखिल होने के बाद हुआ था। इसलिए लोकसभा चुनाव को लेकर हम अभी कुछ नहीं कह सकते। उन्होंने कहा कि पिक्चर अभी बाकी है।पार्टी हाईकमान जो आदेश देगा, उसका पालन किया जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!