पंजाब भाजपा अध्यक्ष पर हमले का विरोध: भाजपाइयों ने कांग्रेस के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन

CHANDIGARH: पंजाब भाजपा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के नेतृत्व में आज यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता सेक्टर-33 स्थित पार्टी कार्यालय कमलम में एकत्रित हुए और पंजाब कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने के लिए मार्च शुरू किया।

कांग्रेस दफ्तर घेरने निकले भाजपाइयों को पुलिस ने रोका
भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में कांग्रेस शासित पंजाब सरकार के विरोध में लिखी तख्तियां भी ले रखी थीं। इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सेक्टर 20-21-33-34 के चौक पर रोक लिया, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने लगभग एक घंटे तक धरना दिया और कांग्रेस पार्टी तथा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

भाजपा के जनजागरण अभियान से घबराई कांग्रेस सरकार: अरुण सूद
यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि पंजाब के भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर कांग्रेस पार्टी के गुंडों द्वारा जानलेवा हमला किया गया, जो की अत्यंत निंदनीय है।

उन्होंने पंजाब की कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार पंजाब में किसानों को केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि बिलों पर गुमराह कर भड़काने का प्रयास कर रही है और भारतीय जनता पार्टी अपने जन-जागरण अभियान के द्वारा पंजाब के किसानों को सच्चाई से अवगत करा रही है। इसी जनजागरण अभियान से घबराकर पंजाब की कांग्रेस सरकार घटिया और ओछी हरकतों पर उतर आई है।

केंद्र से पंजाब सरकार को बर्खास्त करने की मांग
अरुण सूद ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि पंजाब के किसानों का 90 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया जाएगा। इतना ही नहीं, किसानों को और भी कई लाभ दिए जाएंगे लेकिन विगत साढ़े तीन वर्षों से पंजाब के किसान अपने आप को कांग्रेस सरकार के हाथों ठगा महसूस कर रहे हैं। अरुण सूद ने केंद्र सरकार से मांग की कि पंजाब सरकार को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए।

हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए: दिनेश कुमार
इस मौके पर चंडीगढ़ और पंजाब भाजपा के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को अपनी असफलता का आभास हो गया है और अपनी खिसियाहट छिपाने के लिए गुंडा तत्वों की सहायता लेकर भाजपा नेताओं को खामोश करने व जनता में भय फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पर जानलेवा हमला करने वालों को तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग की। चंडीगढ़ भाजपा महासचिव रामवीर ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा किसानों को गुमराह कर पंजाब का माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों के प्रदर्शनों में अराजक तत्वों को शामिल करवा कर देश विरोधी बातें की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब का किसान अन्नदाता है और देश में हरित क्रांति व श्वेत क्रांति का जन्मदाता है, वह कभी हमलावर नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक भी कार्यकर्ता को यदि कैप्टन सरकार द्वारा नुकसान पहुंचाया गया तो भाजपा मूकदर्शक बनकर नहीं बैठेगी और ईंट का जवाब पत्थर से दिया जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद
भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, दीदार सिंह हल्लोमाजरा, पार्षद गुरप्रीत सिंह ढिल्लों ने भी सम्बोधित किया। इस प्रदर्शन में आशा जसवाल, हुकम चांद, तेजिंदर सिंह सरां, देवी सिंह भाटी, गजेंद्र शर्मा, गौरव गोयल, जगतार सिंह ढिल्लों, राजिंदर शर्मा, मुनीश भसीन, नरेश पांचाल, रूबी गुप्ता, अवतार सिंह मनीमाजरा, महेंद्र निराला आदि उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!