चंडीगढ़ के धार्मिक स्थलों ने भी की 2024 के स्वागत की तैयारी, साईं मंदिर मेंजॉनी सूफी, बाबा बालक नाथ मंदिर में मुनिंदर चंचल करेंगे श्रद्धालुओं संग भजन-कीर्तन

CHANDIGARH, 30 DECEMBER: होटलों व क्लबों के साथ-साथ चण्डीगढ़ के कई मंदिरों ने भी नववर्ष 2024 के स्वागत को तैयारियां कर रखी है। सेक्टर 29 स्थित श्री साईं मंदिर में 31 दिसम्बर को नववर्ष की पूर्व संध्या को रात आठ बजे से लेकर 2024 के शुभारम्भ तक प्रख्यात सूफी भजन गायक जॉनी सूफी श्रद्धालुओं के संग भजन-कीर्तन करेंगे। मध्यरात्रि 12 बजे बजते ही नववर्ष का केक काटा जाएगा व आतिशबाजी होगी। तत्पश्चात नए साल के कैलेंडर एवं साईं प्रसादम भी वितरित किया जाएगा। इससे पहले रात्रि आठ बजे से अटूट भंडारा भी साई इच्छा तक बरताया जाएगा।

उधर एक जनवरी को सेक्टर 29 स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर कमेटी एवं सेक्टर 23 स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर सभा द्वारा भी नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रमानुसार एक जनवरी को सांय छह बजे से रात्रि नौ बजे तक सेक्टर 23-बी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर में नववर्ष की प्रथम शाम श्री राधा-कृष्ण के नाम से दिव्य हरिनाम संकीर्तन के जरिए प्रभु गुणगान किया जाएगा। सभा के प्रधान अश्विनी ऋषि व महामंत्री आदर्श शर्मा ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि गुणगानकर्ता गायक हरबंस होंगे।

इन के अलावा श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ सेवा मंडल द्वारा सेक्टर 29 स्थित श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर के परिसर में सांय साढ़े पांच बजे से रात्रि नौ बजे तक आज की शाम श्री सिद्ध बाबा बालक नाथ जी के नाम कार्यक्रम आयोजित होगा जिसमें मुनिंदर चंचल बाबा जी की महिमा का गुणगान करके श्रद्धालुओं के लिए नववर्ष में मंगल कामना करेंगे। तत्पश्चात आरती एवं अटूट भंडारा होगा।  

error: Content can\\\'t be selected!!