चंडीगढ़ भाजपा: नई प्रदेश कार्यकारिणी में अरुण सूद को करारा झटका, मल्होत्रा ने सूद की टीम के आधे से ज्यादा चेहरे बाहर किए

अब जिला और मंडल अध्यक्षों पर नजर, संजय टंडन खेमे का वर्चस्व फिर बढ़ा

Neeraj Adhikari

CHANDIGARH, 2 JANUARY: भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने केंद्रीय नेतृत्व की सहमति के बाद आज चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा कर दी। खास बात यह है कि मल्होत्रा ने अपनी टीम में जहां कुछ पुराने पदाधिकारियों का कद बढ़ा दिया है, वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद की टीम के 15 चेहरों को बाहर कर दिया है। उन्होंने सिर्फ 11 पुराने चेहरों पर भरोसा जताया है। इस तरह पार्टी में अरुण सूद के खेमे को पिछले दो महीने में यह दूसरा झटका लगा है, जबकि प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन गुट का वर्चस्व एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अब तमाम भाजपाइयों की नजर जिला और मंडल अध्यक्षों के फेरबदल पर है, जो संभवतः इसी महीने हो सकता है।

बता दूं कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने लोकसभा चुनाव-2024 के मद्देनजर चंडीगढ़ में अरुण सूद के नेतृत्व के प्रति पार्टी में बढ़ते असंतोष को देखते हुए सूद को दो महीने पहले अचानक चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से हटा दिया था। हालांकि अरुण सूद का इस पद पर निर्धारित कार्यकाल पहले ही खत्म हो चुका था लेकिन माना जा रहा था कि पार्टी उन्हें अभी कम से कम लोकसभा चुनाव तक तो इस पद पर बनाए रखेगी परंतु सूद के प्रति पार्टी में संतोष इस कदर बढ़ा कि लोकसभा चुनाव से मात्र छह महीने पहले ही भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को चंडीगढ़ में पार्टी का नेतृत्व बदलना पड़ गया। यही नहीं, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से अरुण सूद की जिस तरह छुट्टी की गई, उससे सूद को बड़ा झटका लगा। क्योंकि पार्टी हाईकमान ने सूद की जगह न केवल बिलकुल अप्रत्याशित चेहरे के रूप में जतिंदर पाल मल्होत्रा को चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की कमान सौंपकर सबको चौंका दिया, बल्कि चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन का प्रभाव भी एक बार फिर साबित कर दिया। बता दूं कि जतिंदर पाल मल्होत्रा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के पुराने स्वयं सेवक के नाते संघ के भरोसेमंद नेता हैं और संजय टंडन के बेहद नजदीक माने जाते हैं, जबकि एक समय संजय टंडन के ही बेहद विश्वस्त रहे अरुण सूद और टंडन के बीच अब रिश्तों में पुरानी सहजता नहीं रही है। कहा जाता है कि अरुण सूद की महत्वाकांक्षा इन रिश्तों पर भारी पड़ गई।

अब चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी के गठन में भी पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद के खेमे को करारा झटका दे दिया है। मल्होत्रा ने सूद की टीम के मात्र 11 नेताओं को अपनी टीम में जगह दी है। इनमें भी वे नेता शामिल हैं, जो पार्टी की गुटीय राजनीति में तटस्थ रहे हैं या बाद के दिनों में भीतरी सियासत की हवा को भांपकर सूद से दूरी बनाने लगे थे। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की नई टीम के महत्वपूर्ण पदों पर नजर डालें तो इसमें दविंदर सिंह बबला ऐसे इकलौते नेता हैं, जो नई टीम में भी खुद को प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर बनाए रखने में सफल रहे हैं। अब तक प्रदेश महामंत्री रहे रामवीर भट्टी और प्रदेश प्रवक्ता रहे कैलाश चन्द जैन का कद बढ़ाकर उन्हें भी नई टीम में प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा राजकिशोर, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, सुनीता धवन, जगतार सिंह जग्गा तथा पूनम शर्मा को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश महासचिव के दो पदों पर इस बार नए चेहरे लाए गए हैं। इनमें हुकम चंद व अमित जिंदल के नाम शामिल हैं। रामवीर भट्टी के साथ प्रदेश महासचिव रहे चंद्र शेखर को नई टीम में नहीं लिया गया है। हालांकि उन्हें गुटीय राजनीति में तटस्थ माना जाता रहा है लेकिन बताया जाता है कि उन्होंने कुछ व्यक्तिगत कारणों से खुद ही पार्टी की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने का आग्रह किया था।

मल्होत्रा की नई टीम से अरुण सूद खेमे के जिन खास लोगों को बाहर रखा गया है, उनमें तेजिंदर सिंह सरां, प्रेम कौशिक, आशा जसवाल, देवी सिंह भी शामिल हैं। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की नई कार्यकारिणी में कृष्ण कुमार, संजीव कुमार राणा, शशि शंकर तिवारी, रुचि शेखडी, रमेश सहोड़, गौरव गोयल तथा सुभाष मौर्य को सचिव बनाया है। प्रदीप कुमार बंसल को कोषाध्यक्ष व अवि भसीन को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि दीपक मल्होत्रा, मनीष शर्मा तथा संजय पुरी प्रदेश कार्यालय सचिव होंगे। धीरेंद्र तायल, गुरप्रीत सिंह ढिल्लों, नरेश अरोड़ा और विजय राणा को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा महेंद्र निराला को सोशल मीडिया सेल तथा राजीव कुमार को आईटी सेल का संयोजक बनाया गया है। हीरा नेगी को महिला मोर्चा, महकवीर संधू को युवा मोर्चा तथा जावेद अंसारी को अल्पसंख्यक मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारीयों को बधाई दी है तथा भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की है कि सभी पदाधिकारी पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!