लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश, देंगे जीत का मंत्र
CHANDIGARH, 3 JANUARY: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 4 जनवरी और 6 जनवरी को हरियाणा के दौरे पर रहेंगे। अपने इस दो दिवसीय दौरे के दौरान जेपी नड्डा पंचकूला में कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे और पंचकूला में नड्डा का भव्य रोड शो भी निकाला जाएगा। भाजपा के जिला अध्यक्ष अजय शर्मा ने मीडिया को बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के पंचकूला में भव्य स्वागत और उनके सभी कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अजय शर्मा ने बताया कि हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता की अगुवाई में कार्यकर्ता वीरवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में साढ़े चार बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे। इस दौरान नड्डा कार्यकर्ताओं में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जोश भरेंगे और जीत का मंत्र देंगे। उन्होंने नड्डा के इस दौरे को संगठनात्मक रूप से काफी महत्वपूर्ण बताया।
जिला अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि 6 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का पंचकूला पहुंचने पर हाउसिंग बोर्ड चौक पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद नड्डा के नेतृत्व में शाम 4.30 बजे भव्य रोड शो निकाला जाएगा, जिसमें हजारों कार्यकर्ता और आमजन शामिल होंगे। साथ ही कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों व कारों से पार्टी के झंडे लेकर रोड शो में शामिल होंगे।
यह रोड शो सेक्टर-7, 8, 9, 10 और सेक्टर-11 के अलावा विभिन्न सेक्टरों से होते हुए पीडब्ल्यूडी सभागार पहुंचेगा, जहां नड्डा कार्यकर्ताओं व पदाधिारियों को संगठन को और अधिक मजबूत करने सहित भारी बहुमत से लोकसभा और विधानसभा चुनाव जीतने के सूत्र और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश देंगे। नड्डा के दो दिवसीय दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।

