मंदिर में बनाए जा रहे देसी घी के 108 क्विंटल लड्डू
CHANDIGARH, 18 JANUARY: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी संजय टंडन ने प्रभु श्रीराम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव के उपलक्ष्य में आज सेक्टर-18 मंदिर में देसी घी के लड्डू बनाए। करीब पांच सौ वर्षों के बाद आए इस शुभ अवसर के लिए मंदिर में देसी घी के 108 क्विंटल लड्डू बनाए जा रहे हैं। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं/सहयोगियों के साथ अपने हाथों से लड्डू बनाकर राम सेवा की।
भाजपा नेता संजय टंडन ने कहा कि देसी घी के यह लड्डू यथासंभव विभिन्न जगहों पर बांटने का कार्य भी किया जाएगा। इसके साथ उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे भी प्रभु श्रीराम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा उत्सव, 22 जनवरी की शाम अपने घरों में पांच-पांच दीए/दीपक आवश्यक जगाएं। साथ ही अपने जीवन काल में इस सुखद घड़ी को दिखाने के लिए प्रभु का अनंत धन्यवाद करें।
संजय टंडन ने शहरवासियों से कहा कि वह प्रभु श्रीराम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा दिवस को उसी तरह मनाएं, जिस प्रकार वनवास पूरा कर अयोध्या नगरी लौटने पर उनका भव्य स्वागत हुआ था। क्योंकि करीब 500 वर्षों के बाद प्रभु श्रीराम अपने घर/मंदिर पधार रहे हैं। संजय टंडन ने कहा कि वह सौभाग्यशाली हैं कि अपने जीवन काल में इस ऐतिहासिक शुभ अवसर को देख पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घड़ी को शब्दों में बयां कर पाना किसी के लिए मुमकिन नहीं है, क्योंकि यह आस्था/निष्ठा व जज्बातों का वह संगम है, जिसका बखान स्वयं संपूर्ण ब्रह्मांड कर रहा है।

