भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित को लिखा पत्र
CHANDIGARH, 19 JANUARY: भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश उपाध्यक्ष शक्ति प्रकाश देवशाली ने चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित को पत्र लिखकर मांग की है कि 22 जनवरी 2024 को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर चंडीगढ़ में माँस-मदिरा की दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण विश्व के सनातनियों के लिए अत्यंत गर्व का विषय है कि 22 जनवरी 2024 को प्रभु श्रीराम के जन्मस्थान अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा होने वाली है। यह दिवस न केवल भारत अपितु वैश्विक पर्व के रूप में विश्व के प्रत्येक भाग में सनातन धर्म में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं द्वारा मनाया जाएगा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान करवाए जाएंगे। ऐसे में चंडीगढ़वासी भी इससे अछूते नहीं हैं और अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर 22 जनवरी को नगर के अनेक स्थानों पर कीर्तन, संकीर्तन, हवन, भजन-गायन जैसे धार्मिक अनुष्ठानों के आयोजन किये जा रहे हैं।
देवशाली ने कहा कि ऐसे पुनीत अवसर पर धार्मिक आयोजनों में शैतान प्रवृत्ति के लोग माँस-मदिरा के प्रभाव में किसी प्रकार का विघ्न न पहुंचा सकें, अतएव सनातन धर्म की भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रभु श्रीराम के जन्मस्थान अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा के पुनीत अवसर पर 22 जनवरी के दिन चंडीगढ़ में माँस-मदिरा की सभी दुकानें बंद रखी जाएं।

