भाजपा को अपनी बदनीयती का हिसाब चुकाना पड़ेगा, हम चैन से नहीं बैठेंगे: प्रेम गर्ग
CHANDIGARH, 31 JANUARY: चंडीगढ़ के मेयर चुनाव को लेकर आज आम आदमी पार्टी ने यहां सेक्टर-17 में जोरदार प्रदर्शन किया व सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन में एक शिकायत भी दर्ज करवाई।
इस अवसर पर AAP चंडीगढ़ के पूर्व संयोजक प्रेम गर्ग ने कहा कि कल हुई लोकतंत्र की हत्या के बाद आखिरकार चंडीगढ़ के मेयर चुनाव का फैसला तो अब न्यायालय में होगा लेकिन असली फैसला जनता के दरबार में जल्द ही लोकसभा चुनाव में होगा।
प्रेम गर्ग ने कहा कि मेयर चुनाव के पीठासीन अधिकारी रहे अनिल मसीह ने एक चैनल को दिए साक्षात्कार में कबूला है कि उसने मेयर का फैसला सुनाने से पहले AAP के पोलिंग एजेंट ढींगरा या फिर भाजपा के सौरभ जोशी को बुलाया ही नहीं। ऐसे में रिजल्ट सुनाने के बाद इलेक्शन एजेंट को बैलेट दिखाने के लिए बुलाने का क्या औचित्य रह गया। अनिल मसीह का ये कहना ही उसके अपराध का पुख़्ता सबूत है। प्रशासन को इसका संज्ञान लेना चाहिए था।
प्रेम गर्ग ने कहा कि ऐसा लोकतंत्र के इतिहास में पहली बार हुआ है और यह शर्मनाक है। प्रशासन को चाहिए कि इस चुनाव को असंवैधानिक घोषित करके भारत में लोकतंत्र की रक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपनी बदनीयती का हिसाब चुकाना ही पड़ेगा, न्याय न मिलने तक हम चैन से नहीं बैठेंगे।
प्रेम गर्ग ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की हत्या के दिन बाबा साहब द्वारा बनाए गए पवित्र संविधान की भाजपा द्वारा हत्या की गई। चंडीगढ़ के मेयर चुनाव में पहले हर साल दोनों पार्टियों की तरफ से एक-एक पार्षद को इलेक्शन एजेंट बनाया जाता था, जिनकी देखरेख में सारे बेलेट पेपर चेक किए जाते थे और काउंटिंग की जाती थी लेकिन इस बार पीठासीन अधिकारी अनिल मसीह जोकि भाजपा समर्थित हैं, ने ख़ुद ही प्रतिवादी, वक़ील और जज की भूमिका अदा की और सारे बैलेट पेपर ख़ुद ही चैक किए और बिना किसी को दिखाए आठ बैलेट पेपरों को अवैध घोषित कर दिया। किसी को न दिखाया, न अवैध घोषित करने का कोई कारण बताया। प्रेम गर्ग ने कहा कि जैसे ही भाजपा प्रत्याशी के मेयर बनने की घोषणा हुई, उसके बाद आनन-फानन में सभी मतपत्रों को निकालकर एक कमरे में बंद कर दिया गया और पता नहीं भाजपा के लोगों ने मतपत्रों के साथ क्या किया और कोई भी मतपत्र नहीं दिखाया गया। मीडिया को भी प्रेस गैलरी में बैठने की इजाज़त नहीं दी गई, ताकि मीडिया के कैमरे अलग-अलग दिशाओं से चुनाव प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग न कर सकें। फिर भी सारी धांधली वीडियो में रिकॉर्ड हो गई और सारे देश में वायरल हो गई कि कैसे पीठासीन अधिकारी बैलेट पेपर पर निशान लगा रहे हैं।
गर्ग ने कहा कि इस कुनाव में भाजपा ने जो किया है वह सीधे तौर पर देशद्रोह है और इन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, नहीं तो देश के आम आदमी का लोकतंत्र से विश्वास उठ जाएगा। गर्ग ने कहा कि ईश्वर के घर देर है अंधेर नहीं, दिन-दहाड़े वोटों की डकैती का सिला तो एक दिन भाजपा को चुकाना ही पड़ेगा।

