मध्यम वर्गीय और गरीब जनता की जेबें ख़ाली करने का काम करेगा आज पेश किया गया केंद्रीय बजट: चंडीगढ़ कांग्रेस

लगता है कि केंद्र सरकार का चंडीगढ़ से ध्यान हट गया है: एचएस लक्की
यह बजट जनता की आशाओं व आकांक्षाओं को बिल्कुल पूरा नहीं करता: राजीव शर्मा

CHANDIGARH, 1 FEBRUARY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज पेश किए गए केंद्रीय अंतरिम बजट की आलोचना करते हुए इसे एक ऐसा बजट बताया है, जो वायदे तो बढ़ा-चढ़ा कर करता है परन्तु वास्तव में मध्यम वर्गीय और गरीब जनता की जेबें भारी भरकम टैक्सों के माध्यम से ख़ाली करने का काम करता है।

केंद्रीय बजट के प्रस्तावों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने इस पूरी तरह से नीरस बजट बताया। लक्की ने कहा कि यह सिर्फ आंकड़ों की बाजीगरी ही लगती है। चंडीगढ़ को पिछले साल के संशोधित बजट अनुमान से मात्र 0,78% की वृद्धि के साथ निराशाजनक रूप से सपाट बजट मिला है। मध्यम वर्ग को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है। इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं होने से सभी को निराशा हुई है। लक्की ने कहा कि ऐसा लगता है कि केंद्र सरकार का सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ से ध्यान हट गया है। बजट में कुछ भी नया नहीं है। इस बजट ने पूरी तरह निराश किया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि यह मध्यम वर्ग के लिए एक बेहद निराशा जनक बजट है, क्योंकि मोदी सरकार जानबूझ कर मध्यम वर्ग के ऊपर भारतीय वित्तीय ढांचे में अब तक मौजूद सामाजिक सुरक्षा की छतरी को हटाने का प्रयास कर रही है। सरकार विभिन्न बचत योजनाओं पर कर छूट को खत्म करने की लगातार कोशिश कर रही है, जो नौकरी पेशा, मध्यम और आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि बजट में पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों पर लगाए जा रहे कर की ऊंची दरों में कोई छूट नहीं दी गई है। देश आवश्यक वस्तुओं पर लगने वाले करों में कटौती की लगातार मांग कर रहा है, लेकिन इस संबंध में वित्त मन्त्री ने कोई कदम नहीं उठाया है। इसके अलावा आयकर से छूट देने वाली आय स्लैब में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जिससे नौकरी पेशा और मध्यम वर्ग निराश है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट में देश में विकास को गति देने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए पर्याप्त प्रावधान नहीं किए गए हैं। इसलिए यह बजट जनता की आशाओं एवं आकांक्षाओं को बिल्कुल पूरा नहीं करता।

error: Content can\\\'t be selected!!