कुमाऊं सभा चंडीगढ़ का कुमाऊंनी होली मिलन समारोह 9 मार्च को कलाग्राम में होगा

कुमाऊं दर्पण स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा

CHANDIGARH, 2 MARCH: कुमाऊं सभा चंडीगढ़ द्वारा कुमाऊंनी होली मिलन समारोह 9 मार्च को कलाग्राम मनीमाजरा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी कुमाऊंनी उत्तराखंडी परिवार सहित होली खेलेंगे।

कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सभा की सभी एरिया कमेटियों द्वारा कुमाऊंनी होली के लोक गीत गाए जाएंगे और अबीर-गुलाल व फूलों से होली खेली जाएगी। यह समारोह कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के प्रधान मनोज रावत की अध्यक्षता में होगा व महासचिव दीपक सिंह परिहार तथा कोषाध्यक्ष नारायण सिंह रावत सभी का स्वागत करेंगे।

पांडेय ने बताया कि इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध कलाकार लोकगायक बिशन सिंह हरियाला, प्रकाश रावत,आनन्द कोरंगा, बिन्नी मेहरा, हीरा कोरंगा और यशोदा नैलवाल द्वारा कुमाऊंनी होली सांस्कृतिक रंगारंग कार्यक्रम, छोलिया डांस, ढोल दमाऊ, कुमाऊंनी गीतों और झोड़ा चांचरी जैसे कार्यक्रम की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस होली मिलन समारोह में मेयर हरप्रीत कौर समेत शहर के कई राजनेता व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर कुमाऊं दर्पण स्मारिका का विमोचन भी किया जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!