ये प्रस्ताव अनुचित और समाज के हितों के विरुद्ध, नगर निगम निर्णय पर पुनर्विचार करेः कैलाश चंद जैन
CHANDIGARH, 18 APRIL: उद्योग व्यापार मंडल (UVM) चंडीगढ़ ने नगर निगम द्वारा शहर के कम्युनिटी सेंटर्स के किराए में प्रस्तावित की गई वृद्धि को गैर जरूरी बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है तथा इस निर्णय पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है।
आज यहां जारी एक बयान में UVM के अध्यक्ष कैलाश चंद जैन व महासचिव नरेश कुमार ने कहा कि कम्युनिटी सेंटर्स बनाने का उद्देश्य जनता को सुविधा प्रदान करना था, न कि उनका व्यावसायिक उपयोग करना अथवा उनसे लाभ कमाना इनके निर्माण का मकसद था। इन सामुदायिक केंद्रों को बनाने का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने सामाजिक, सांस्कृतिक, सामूहिक और शैक्षणिक गतिविधियों के कार्यक्रम आयोजित कर सकें।
कैलाश चंद जैन ने कहा कि कम्युनिटी सेंटर्स के किराए में बढ़ोतरी न केवल अनुचित है, बल्कि यह समाज के हितों के विरुद्ध भी है। इसके अलावा निगम द्वारा कुछ कम्युनिटी हॉल्स को निजी एजेंसियों को पीपीपी मोड पर देने का प्रस्ताव भी जनहित में सही नही है। ऐसा करने से इन कम्युनिटी सेंटर्स की बुकिंग दर बढ़ सकती है, क्योंकि प्राइवेट एजेंसियां इनको होटल-रेस्टोरेंट की तर्ज पर संचालित करेंगी, जिससे इन कम्युनिटी सेंटर्स के निर्माण का मूल मकसद समाप्त हो जाएगा। इसलिए यह आवश्यक है कि नगर निगम इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और सुनिश्चित करे कि कम्युनिटी सेंटर्स को बनाने का मूल उद्देश्य बना रहे, ताकि वे समाज की सेवा में जारी रह सकें।

