AAP पार्षद प्रेमलता ने प्रशासक के साथ मेयर के ‘फोटो शूट’ पर उठाए सवाल

कहा- उम्मीद है कि 30 को निगम हाउस की मीटिंग में हरप्रीत कौर मेयर पद से इस्तीफा दे देंगी, वरना निगम के लिए ताला लेती आएं

CHANDIGARH, 20 APRIL: आम आदमी पार्टी (AAP) की महिला विंग की चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्षद प्रेमलता ने मेयर हरप्रीत कौर की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि मेयर आजकल चंडीगढ़ के प्रशासक के साथ आए दिन मीटिंग कर रही हैं और कभी राजभवन में अपने पति और बीजेपी के अन्य नेताओं के साथ चाय पार्टी में तथा कभी किसी अन्य सार्वजनिक समारोह में फोटो शूट करा रही हैं, जो कि मीडिया में भी छप रहे हैं। पार्षद प्रेमलता ने मेयर हरप्रीत कौर से सवाल करते हुए कहा है कि चाय की चुस्कियां लेते हुए क्या आपको चंडीगढ़ नगर निगम की वित्तीय हालत की भी याद आई। उस समय चंडीगढ़ की जनता और निगम कर्मचारियों की तनख्वाह देने के लिए गवर्नर से झोली फैलाकर ग्रांट की मांग ही कर लेतीं।

प्रेमलता ने कहा कि एक तरफ तो चंडीगढ़ की जनता नए और भारी-भरकम टैक्स से दुखी है और हजारों कर्मचारियों को समय पर तनख्वाह नहीं मिल रही। दूसरी तरफ मेयर हरप्रीत कौर हर रोज अपने फोटो शूट में व्यस्त हैं। प्रेमलता ने कहा कि मैं मेयर हरप्रीत कौर को याद करवाना चाहती हूं कि जब वो तत्कालीन मेयर कुलदीप कुमार को बोलती थीं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पार्षदों को गोवा का सरकारी टूर नहीं करवाया और न ही तीज का कोई उपहार दिया तो अब मेयर हरप्रीत कौर ने तीज के उपहार तो क्या देने, टैक्स बढ़ाकर आम लोगों से तथा तनख्वाह न देकर निगम कर्मचारियों के परिवारों से थाली के निवाले तक छीन रही हैं।

पार्षद प्रेमलता ने कहा कि कुछ दिन पहले बीजेपी के अध्यक्ष और मेयर ने प्रॉपर्टी टैक्स की बढ़ोतरी को वापस लेने और निगम को वित्तीय ग्रांट न मिलने पर अपनी पार्टी के सभी पार्षदों सहित इस्तीफा देने का जुमला छोड़ा था। इससे साफ है कि भाजपा अपनी मेयर को फ्लॉप मेयर मान चुकी है और पूरी उम्मीद है कि 30 अप्रैल को होने वाली नगर निगम की हाउस मीटिंग में मेयर हरप्रीत कौर अपना त्यागपत्र देकर अपना चार्ज सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को सौंप देंगी। प्रेमलता ने मेयर हरप्रीत कौर से यह भी अपील की है कि यदि वह इस्तीफा नहीं देती हैं तो 30 अप्रैल को निगम की हाउस मीटिंग में निगम के लिए वही ताला लेती आएं, जो कि उनके पति जब कांग्रेस में थे, लेकर आए थे।

प्रेमलता ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के बाद मेयर ने कहा था कि गृह मंत्री ने जल्दी ही निगम को वित्तीय ग्रांट देने के लिए कहा है लेकिन ग्रांट तो क्या मिलनी थी, उल्टा चंडीगढ़ की जनता के ऊपर टैक्स का बोझ डाल दिया गया। प्रेमलता ने कहा कि मेयर हरप्रीत कौर को चाहिए कि वह केंद्रीय गृह मंत्री और प्रशासक से एक बार फिर मिलें लेकिन अपने पति के साथ बीजेपी के और भी वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर मिलें, शायद तब चंडीगढ़ की जनता के हित की बात हो सके।

error: Content can\\\'t be selected!!