आपात परिस्थितियों में भी फेल है चंडीगढ़ नगर निगम: प्रेम लता

कहा-प्रशासन की अपील भी निगम अफसरों पर बेअसर

CHANDIGARH, 9 MAY (ANewsoffice): आम आदमी पार्टी की महिला विंग की चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष एवं पार्षद प्रेम लता ने कहा है कि युद्ध जैसी और आपात परिस्थितियों में भी चंडीगढ़ नगर निगम अपनी जिम्मेदारी निभाने में फेल, नाकारा और लापरवाह साबित हुआ है। प्रेम लता ने कहा कि कल रात पाकिस्तानी ड्रोन से हमले की आशंका के चलते चंडीगढ़ में पूरी तरह ब्लैक आउट किया गया लेकिन सेक्टर-34, 35 और 43 में सभी पार्कों और वी-5 सड़कों पर लाइटें चालू रहीं। सायरन की आवाजें गूंजने और बंद होने के बाद भी निगम के संबंधित कर्मचारियों ने ये लाइटें बंद नहीं की। ये देखकर रात में उनके पास कई लोगों के फोन आए, तब उन्होंने (प्रेम लता) निगम के अधिकारियों को फोन करके ये लाइटें बंद करवाईं। पार्षद प्रेम लता ने कहा कि नगर निगम की यह स्थिति तब है जब चंडीगढ़ प्रशासन बार-बार लोगों से अपील कर रहा है कि ब्लैक आउट के दौरान लोग अपने घर, दुकान, दफ्तर आदि की लाइटें बंद करके ब्लैक आउट की परिस्थितियों में पूर्ण सहयोग करें लेकिन नगर निगम के अधिकारियों पर कोई असर नहीं है। प्रेम लता ने कहा कि मॉक ड्रिल के दौरान भी नगर निगम का यही रवैया देखा गया था। पार्षद प्रेम लता ने कहा कि मौजूदा हालात में नगर निगम की भूमिका तय करने के लिए मेयर और पार्षदों की कोई बैठक तक नहीं बुलाई गई। न ही शहर की RWA के साथ बैठक की।

error: Content can\\\'t be selected!!