कहा- लोग स्टॉक न करें,. देश में खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं, बाजारों में भरपूर मात्रा में सभी वस्तुएं उपलब्ध
CHANDIGARH, 9 MAY: कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय सचिव एवं चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग ने कहा है कि वर्तमान संकट की घड़ी में देश का समूचा व्यापारी वर्ग मजबूती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और भारतीय सेनाओं के साथ खड़ा है। जिस प्रकार हमारे वीर सैनिक सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं, उसी प्रकार देशभर के व्यापारी भी आर्थिक मोर्चे के सैनिक बनकर राष्ट्र की आपूर्ति श्रृंखला को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कृतसंकल्पित हैं।
हरीश गर्ग ने कहा कि पाकिस्तान की नापाक हरकतों का भारतीय सेनाओं ने जिस वीरता और साहस से जवाब दिया है, वह गौरव का विषय है। वर्तमान परिस्थितियां युद्ध जैसी हैं और देश का प्रत्येक नागरिक एक स्वर से सरकार के साथ खड़ा है, ताकि पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देश में खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। बाजारों में भरपूर मात्रा में सभी वस्तुएं उपलब्ध हैं और सरकार के पास भी पर्याप्त भंडार मौजूद है। अतः किसी भी नागरिक को आवश्यकता से अधिक स्टॉक करने की जरूरत नहीं है। कोविड काल की भांति व्यापारी न केवल आपूर्ति को बनाए रखेंगे, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर लोगों के घरों तक भी सामान पहुंचाएंगे।
कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के चंडीगढ़ चैप्टर के उपाध्यक्ष हरिशंकर मिश्रा, प्रेम कौशिक, पवन गर्ग एवं सचिव अजय सिंगला, कोषाध्यक्ष रमेश सिंगला ने आश्वस्त किया कि CAIT के व्यापारी साथी समय-समय पर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करेंगे और किसी भी स्थिति में अफवाहों अथवा अराजकता को पनपने नहीं देंगे।
CAIT के चंडीगढ़ चैप्टर के महासचिव भीम सैन ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि देशभक्ति केवल भावनाओं से नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य और संयम से सिद्ध होती है। सरकार और सेनाएं पूरी तत्परता से स्थिति पर नियंत्रण रखे हुए हैं और ऐसे समय में व्यापारी वर्ग को संगठित रहकर राष्ट्रीय हित में कार्य करना है। CAIT सभी व्यापारियों से आग्रह करता है कि बाजारों को लेकर कोई भी निर्णय सरकार की आधिकारिक सलाह के बाद ही लें। आज आवश्यकता है कि हम सभी एकजुटता, विवेक और राष्ट्रभक्ति के साथ देश की सेवा में अपना योगदान दें।
हरीश गर्ग एवं सभी व्यापारी नेताओं ने कहा कि मातृभूमि के प्रति श्रद्धा केवल एक भावना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी को देशभर के नौ करोड़ से अधिक व्यापारी पूर्ण अनुशासन और समर्पण के साथ निभाएंगे।

