बतायाः इस कांफ्रेंस में देशभर के 100 से अधिक व्यापारी नेता लेंगे भाग
CHANDIGARH, 11 MAY: भारत के लगभग 140 लाख करोड़ रुपए सालाना के जीवंत खुदरा व्यापार पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहीं ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कंपनियों की चालों का सामना करने के लिए 16 मई को नई दिल्ली में एक नेशनल कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के 100 से अधिक व्यापारी नेता हिस्सा लेंगे। इसका आयोजन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा किया जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और नई दिल्ली के चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रवीण खंडेलवाल कांफ्रेंस में इस मुद्दे पर मुख्य वक्तव्य देंगे।
यह जानकारी देते हुए कैट के राष्ट्रीय सचिव एवं चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग ने बताया कि इस कांफ्रेंस में केवल व्यापारी ही नहीं, बल्कि स्वदेशी उत्पादों के समर्थक, ट्रांसपोर्ट, लघु उद्योग, एमएसएमई, उपभोक्ता संगठन, महिला उद्यमी, किसान, स्टार्टअप, कर्मचारी संगठनों समेत व्यापार के विभिन्न सेक्टरों की भी भागीदारी रहेगी। सभी मिलकर विदेशी पूंजी पोषित कंपनियों के षड्यंत्रों को उजागर करने और देशव्यापी अभियान चलाने की एक संयुक्त रणनीति तय करेंगे।

