संगठन की आम सभा में पारित किया गया प्रस्ताव, स्मारिका ‘कुमाऊं दर्पण’ का वितरण किया
CHANDIGARH, 18 MAY: कुमाऊं सभा चंडीगढ़ की आम सभा आज प्रधान मनोज रावत की अध्यक्षता में पंजाब कला भवन में हुई, जिसमें वित्त वर्ष 2024-25 के आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। साथ ही कार्यकारिणी द्वारा अब तक किए गए कार्यों से आम सभा को अवगत कराया गया। इसके अलावा सेक्टर-45 बुडै़ल में स्थित कुमाऊं भवन के प्लॉट को बेचकर अन्य किसी स्थान पर बड़ा भूखंड लेने का प्रस्ताव पास किया गया। इसके लिए सभी सदस्यों ने सभा को आवश्यकतानुसार हर संभव सहयोग देने का वचन दिया।

कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि इस अवसर पर सभा की कार्यकारिणी ने सभी एरिया कमेटियों के प्रधान, कर्मठ कार्यकर्ताओं और सभा को सहयोग देने वाले विभिन्न व्यक्तियों को सम्मानित किया। इसके अलावा नई कार्यकारिणी के सदस्यों को शपथ ग्रहण करवाई गई। नए सदस्यों को सदस्यता कार्ड बांटे गए। सभी सदस्यों ने सभा की कार्यकारिणी के अब तक किए गए कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के सभी संरक्षक, आजीवन सदस्य, वरिष्ठ सलाहकार, सलाहकार एवं वरिष्ठ सदस्य आदि उपस्थित थे। इस मौके पर कुमाऊं दर्पण स्मारिका तथा गंगा दशहरा द्वार पत्र का वितरण भी किया गया, ताकि 5 जून को कुमाऊं के लोक प्रसिद्ध त्योहार गंगा दशहरा वाले दिन सभी लोग अपने घरों पर इसे लगा सकें।

