भाजपा सरकार ने चंडीगढ़ जैसे सुंदर शहर को बदहाल बना दियाः एचएस लक्की

मौलीजागरां के सुंदर नगर पार्ट-2 में ब्लॉक कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे

कहा-जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाएं, जनसेवा को अपना मूल मंत्र बनाएं कार्यकर्ता

CHANDIGARH, 18 MAY: मौलीजागरां के सुंदर नगर पार्ट-2 में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की ओर से आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह ढिल्लों ने विशेष रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, जिला अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लों एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनय मिश्रा ने ब्लॉक कांग्रेस के नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। लक्की ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ होते हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना ही हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आज भी जनता की सच्ची आवाज है और हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह जनसमस्याओं को न केवल समझें, बल्कि उन्हें पार्टी के माध्यम से हल करवाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

एचएस लक्की ने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस को और मजबूती से खड़ा करने के लिए हर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ानी होगी। उन्होंने आह्वान किया कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाएं तथा जनसेवा को अपना मूल मंत्र बनाएं। लक्की ने बीजेपी सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने चंडीगढ़ जैसे सुंदर और सुव्यवस्थित शहर को बदहाल बना दिया है। शहर की सड़कों की हालत खस्ता है, जल निकासी व्यवस्था चरमरा गई है और लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक ठीक से नहीं मिल रहीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल चुनावी जुमलों और झूठे वायदों पर चलती है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि आम आदमी महंगाई, टैक्स और भ्रष्टाचार की मार झेल रहा है।

लक्की ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चंडीगढ़ को विकास से नहीं, विनाश से जोड़ा है। नगर निगम से लेकर प्रशासन तक सब कुछ भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है और जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह समय संगठन को मजबूत करने का है, ताकि भाजपा की जनविरोधी नीतियों का डटकर मुकाबला किया जा सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि अब घर बैठने का वक्त नहीं है। हर गली, हर वार्ड, हर मोहल्ले में जाकर जनता को भाजपा की नाकामियों से अवगत कराएं और कांग्रेस का झंडा बुलंद करें।

error: Content can\\\'t be selected!!