चेतावनी दीः भाजपा सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो महिला कांग्रेस जन आंदोलन छेड़ेगी
CHANDIGARH, 19 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नंदिता हुड्डा ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई आपत्तिजनक, अमर्यादित और महिला विरोधी टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि विजय शाह की टिप्पणी न सिर्फ महिलाओं की गरिमा पर सीधा हमला है, बल्कि देश की सेना और उन महिलाओं का भी अपमान है, जिन्होंने राष्ट्र सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है।
नंदिता हुड्डा ने एक बयान जारी कर कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी, जो एक सम्मानित सैन्य अधिकारी हैं, के विरुद्ध मंत्री विजय शाह की टिप्पणी में छिपी मानसिकता भाजपा सरकार की महिला विरोधी सोच को उजागर करती है। महिला कांग्रेस स्पष्ट रूप से मांग करती है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपने मंत्री विजय शाह को तुरंत मंत्री पद से बर्खास्त करें और उनके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए।
नंदिता हुड्डा ने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय और भारत के सर्वोच्च न्यायालय का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने इस मामले में संज्ञान लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए हैं। नंदिता ने कहा कि यह न्यायपालिका के प्रति विश्वास को और भी मजबूत करता है और यह दिखाता है कि कानून और संविधान के ऊपर कोई नहीं है, चाहे वह किसी भी पद पर हो।
नंदिता हुड्डा ने कहा कि भारतीय महिला कांग्रेस यह स्पष्ट करना चाहती है कि महिलाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि भाजपा सरकार ने विजय शाह के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो महिला कांग्रेस राज्यभर में किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को व्यापक जन आंदोलन का रूप देगी।

