हवन-यज्ञ एवं रामचरित मानस के पाठ के बाद किया गया भजन संध्या का आयोजन
CHANDIGARH, 5 JUNE: श्री सनातन धर्म मंदिर सेक्टर 32-डी चंडीगढ़ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें मशहूर भजन गायक कन्हैया मित्तल ने भजनों की ऐसी धूम मचाई कि श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नाचने लगे।

मीडिया प्रभारी राजमोहन ढल ने बताया कि भजन संध्या से पहले मंदिर परिसर में सुबह हवन-यज्ञ एवं राम चरित मानस का पाठ किया गया। इसके बाद सायं 8 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन सम्राट कन्हैया मित्तल ने भजन संध्या की शुरुआत मात-पिता तुम्हें नमन है मेरा, हे गुरुदेव नमन है, मैं तेरे बिना रह नहीं सकता मेनू तेरी आदत पे गई है, श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेवा, कीर्तन से की।
इसके अलावा कन्हैया मित्तल ने श्री सालासर बालाजी महाराज के भजन तेरा सालासर दरबार मने अच्छा लागे से, ओ केसरी के लाल मेरा छोटा सा काम, लहर-लहर लहराये रे झण्डा बजरंग बली का, सालासर दरबार गया मैं अजब नजारा देखा जी, सोने चांदी के मंदिर में बैठे बालाजी, आदि भजन सुनाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया ओर नाचने- झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भण्डारे का आयोजन भी किया गया। पूरे आयोजन में श्री सनातन धर्म मंदिर कमेटी के सभी सदस्यों एवं महिला मंदिर कमेटी की सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

