अरुण सूद ने ‘कई रंग जिंदगी के’ का किया विमोचन

डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा ‘गीत’ ने किया है इस काव्य संग्रह का संकलन एवं संपादन, त्रिभाषी काव्य गोष्ठी में भी कवियों ने जमाया रंग

CHANDIGARH, 20 JULY: संगीत साहित्य संगम की ओर से आज सेक्टर-38 में आयोजित किए गए एक समारोह में काव्य संग्रह ‘कई रंग जिंदगी के-4’ का विमोचन किया गया। इस समारोह के मुख्य अतिथि चंडीगढ़ के पूर्व मेयर एवं भाजपा के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद थे। सूद ने काव्य संग्रह का विमोचन किया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ शायर शम्स तबरेजी, वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज, कवि डॉ. विनोद शर्मा, मोहित मित्तल व सुरजीत सिंह धीर भी उपस्थित थे। इस काव्य संग्रह का संकलन एवं संपादन डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा ‘गीत’ ने किया है। इस संग्रह में कुल दस कवियों की कविताएं शामिल हैं। यह हिंदी, पंजाबी एवं अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है।

इस अवसर पर पूर्व मेयर अरुण सूद ने कहा कि यह काव्य संग्रह एक बहुत अच्छा प्रयास है, जिसमें तीनों ही भाषाओं के कवियों को लिया गया है। साहित्यकार प्रेम विज ने इस संग्रह में शामिल की गई रचनाओं के कवियों को मुबारकबाद देते हुए कहा कि उनकी कविताओं में जीवन और समाज दोनों के ही रंग देखने को मिलते हैं। शायर शग्स तबरेजी ने कहा कि इन कवियों में बहुत ज्यादा गंभीरता है और जीवन के प्रति उनका एक सकारात्मक सोच है। डॉ. विनोद शर्मा ने कहा कि संग्रह में शामिल कविताओं को पढ़कर लगता है कि जीवन को खुली आंख से देखा गया है।

इस मौके पर त्रिभाषी काव्य गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें एक दर्जन से अधिक कवियों ने भाग लिया। इनमें किरण आहूजा, अमृत सोनी ‘अमृत’, नेहा अरोड़ा ‘नेह’, ऋतु धवन, दीपक संधू, हरसिमरनजीत कौर, डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा ‘गीत’, डॉ. विनोद शर्मा, प्रेम विज, शम्स तबरेजी, मोहित मित्तल, नितेश आदि ने अपनी रचनाओं से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

error: Content can\\\'t be selected!!