पंजाब में बाढ़ प्रभावितों के लिए JTA अध्यक्ष रणबीर झोरड़ और उनकी टीम ने प्रशासक को पांच लाख एक रुपए का चेक सौंपा
CHANDIGARH, 26 SEPTEMBER (ANewsoffice): ज्वाइंट टीचर्स एसोसिएशन (JTA) चंडीगढ़ ने शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आज सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में एक समारोह का आयोजन किया, जिसमें पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रशासक ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञानदाता ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता होते हैं। उन्होंने मूल्य आधारित शिक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा नवाचार और अनुसंधान पर विशेष बल दिया। समारोह के दौरान JTA चंडीगढ़ के अध्यक्ष रणबीर झोरड़ ने प्रशासक के समक्ष 2015 बैच के शिक्षकों की Confirmation और चंडीगढ़ में SSA शिक्षकों के नियमितीकरण समेत शिक्षकों के विभिन्न मुद्दे उठाए। प्रशासक ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और शिक्षकों को आश्वस्त किया कि उनके जायज मुद्दों पर उचित विचार किया जाएगा।

प्रशासक ने लेक्चरर से प्रिंसिपल पदोन्नति के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक बुलाने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि शिक्षकों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा, जो तुरंत सभी विषयों पर कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित करेगी। इस बीच, सामाजिक उत्तरदायित्व का भी परिचय देते हुए पंजाब के बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए JTA अध्यक्ष रणबीर झोरड़ और उनकी टीम ने प्रशासक को पांच लाख एक रुपए का चेक इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी चंडीगढ़ के नाम सौंपा।

विशेष रूप से प्रशासक ने इस अवसर पर शिक्षकों के साथ प्रत्यक्ष संवाद भी किया और उन्होंने खुले व पारदर्शी ढंग से शिक्षकों की समस्याएं सुनीं। इस समारोह में UT Cadre, SSA Teachers, Counselors, Computer Teachers, Contract Teachers और Guest Teachers ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे केवल अपने अधिकारों की लड़ाई ही नहीं लड़ेंगे, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समाज की प्रगति के लिए भी निरंतर कार्यरत रहेंगे।

