पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और इंटक के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नसीब जाखड़ ने वाई पूरन कुमार को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर उनका दुख-दर्द सांझा किया
CHANDIGARH, 13 OCTOBER (ANewsoffice): पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं चंडीगढ़ के सांसद रहे पवन कुमार बंसल आज हरियाणा के एडीजीपी स्व. वाई पूरन कुमार के आवास पर पहुंचे और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पवन कुमार बंसल ने वाई पूरन कुमार के परिजनों से बातचीत कर उनका दुख-दर्द सांझा किया और न्याय के लिए उनके साथ डटकर खड़े रहने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान पवन कुमार बंसल के साथ इंटक के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष नसीब जाखड़ भी मौजूद थे। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत में पवन कुमार बंसल ने स्व. वाई पूरन कुमार और उनके परिवार के लिए हरियाणा सरकार से तत्काल न्याय की मांग की। पवन कुमार बंसल और इंटक के प्रदेश अध्यक्ष नसीब जाखड़ ने कहा कि एक हफ्ता बीतने के बाद भी हरियाणा सरकार आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वाई पूरन कुमार के सुसाइड नोट में साफ- साफ लिखा है कि उनको बहुत प्रताड़ित किया गया। उनको मंदिरों में जाने से रोका गया। इतना ही नहीं, उनके पिता के अंतिम दर्शन के लिए भी उन्हें नहीं जाने दिया गया। ट्रांसफर मैटर पर भी उनको बार-बार परेशान किया जाता रहा। पवन कुमार बंसल ने कहा कि सभी आरोपियों के नाम सुसाइड नोट में साफ-साफ लिखे हैं। उसके बावजूद अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पवन कुमार बंसल ने इस मामले में हरियाणा सरकार के रवैये की कांग्रेस पार्टी की ओर से कड़े शब्दों में निंदा करते हुए तत्काल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

