सोसाइटी ने शहर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संकल्प लिया, प्रधान राणा बोले-चंडीगढ़ को स्वच्छता में नंबर 1 पर लाना हमारा लक्ष्य
CHANDIGARH, 11 DECEMBER: डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्टर सोसाइटी चंडीगढ़ की आज हुई एक विशेष बैठक में चंडीगढ़ के कॉमर्शियल एरिया में गार्बेज कलेक्शन से संबंधित MOU (समझौता ज्ञापन) पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य MOU के प्रावधानों को समझना, सुझावों को सम्मिलित करना और सभी साथियों की सहमति सुनिश्चित करना था।
बैठक में नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी और चुने हुए जनप्रतिनिधि भी विशेष रूप से शामिल हुए। इनमें नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार, स्पेशल कमिश्नर प्रदीप कुमार, मेडिकल हेल्थ ऑफिसर इंदरजीत कौर, सैनिटेशन कमेटी के चेयरमैन मनोज सोनकर, पार्षद गीता चौहान, बिल्लू, नरेश पंचाल, सौरभ जोशी और सोसाइटी के अध्यक्ष धर्मवीर राणा प्रमुख थे। यह बैठक सोसाइटी के अध्यक्ष राणा की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने MOU के महत्व, प्रावधानों और भविष्य की जिम्मेदारियों को विस्तार से समझाया। राणा ने साफ शब्दों में कहा कि यह MOU केवल एक औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारी कार्य-प्रणाली को और मजबूत बनाने का मार्ग है। यदि सभी साथी इसे समझकर अपनी ड्यूटी निभाएं तो कॉमर्शियल एरिया की सफाई व्यवस्था को भी नए स्तर तक लेकर जाया जा सकता है।
बैठक के दौरान प्रधान धर्मवीर राणा ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि हमारे गार्बेज कलेक्टर साथी हर परिस्थिति में अपनी ड्यूटी निभाते हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी हमारा लक्ष्य है कि हम चंडीगढ़ को स्वच्छता में नंबर 1 पर लाएं। इसके लिए सभी को एकजुट होकर और अधिक निष्ठा व अनुशासन के साथ काम करना होगा। बैठक में MOU के सभी बिंदुओं पर चर्चा के बाद उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसे स्वीकार किया। यह भी तय हुआ कि सभी गार्बेज कलेक्टर साथी निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करेंगे। समयबद्ध सेवा और स्वच्छता मानकों का और अधिक ध्यान रखा जाएगा। कॉमर्शियल एरिया की सफाई व्यवस्था को मॉडल जोन के रूप में विकसित किया जाएगा।
बैठक में सोसाइटी के चेयरमैन रणवीर सिंह, महासचिव बिजेन्द्र दुल्गच, उपाध्यक्ष करण सिंह घावरी, वरिष्ठ सदस्य दीपक चड्ढा, संजू लोहट, नरेश कांगड़ा, सुरेन्द्र सरोहा, गीता शक्तिमान, मोनिका नगर, लता आदि भी शामिल हुए। शहर की स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के संकल्प के साथ सभी सदस्यों ने एकस्वर से कहा कि आने वाले समय में वे अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी से निभाएंगे और चंडीगढ़ को ‘नंबर 1 स्वच्छ शहर’ बनाने के लक्ष्य में अपना 100% योगदान देंगे।

