वरिष्ठ पत्रकार नलिन आचार्य के नाम पर हर साल तीन पुरस्कार दिए जाएंगे: केके शारदा

आचार्य कुल संस्था और संवाद साहित्य मंच ने स्व. नलिन आचार्य की स्मृति में किया गोष्ठी का आयोजन, ट्राइसिटी के कई साहित्यकारों और पत्रकारों ने नलिन जी को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

CHANDIGARH, 14 DECEMBER: आचार्य कुल संस्था और संवाद साहित्य मंच ने चंडीगढ़ ट्राइसिटी के प्रख्यात वरिष्ठ पत्रकार और चंडीगढ़ प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष स्व. नलिन‌ आचार्य की स्मृति में आज एक गोष्ठी का आयोजन किया। कम्युनिटी सेंटर सेक्टर-43 के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्षद प्रेमलता, पठानकोट से आए वरिष्ठ पत्रकार संजीव शारदा, स्वर्गीय नलिन आचार्य की धर्मपत्नी मंजू आचार्य विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के आरंभ में प्रो. पल्लवी रामपाल ने भजन प्रस्तुत किया, जबकि संचालन कवियत्री डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा ‘गीत ने किया। इस अवसर पर आचार्य कुल संस्था के अध्यक्ष केके शारदा ने घोषणा की कि नलिन आचार्य की याद में संस्था की ओर से हर साल उनके जन्मदिन पर तीन पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही नलिन आचार्य पर एक पुस्तक का भी प्रकाशन किया जाएगा। गोष्ठी को संबोधित करते हुए संवाद साहित्य मंच चंडीगढ़ के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार और कवि प्रेम विज ने कहा कि उनका संबंध स्व. नलिन आचार्य की तीन पीढ़ियों से रहा है। सभी पत्रकारिता के प्रति समर्पित रहे हैं। कवि डॉ. विनोद शर्मा और शायर अशोक नादिर ने अपनी कविता के माध्यम से नलिन आचार्य को याद किया।

कवि और वरिष्ठ पत्रकार दीपक चनारथल ने कहा कि चंडीगढ़ प्रेस क्लब को ऊंचाइयों तक पहुंचाने में नलिन आचार्य का बहुत बड़ा योगदान रहा है। पार्षद प्रेमलता, एमएम जुनेजा, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-43 के अध्यक्ष राजेश राय, वरिष्ठ पत्रकार नीरज अधिकारी, बलकार सिद्धू और सुरेंद्र वर्मा ने भी नलिन आचार्य को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार संजीव शारदा ने कहा कि नलिन आचार्य ने पत्र‌कारिता में मील के नए पत्थर स्थापित किए। चंडीगढ़ के पत्रकारिता क्षेत्र में नलिन आचार्य को हमेशा याद किया जाता रहेगा।

इस अवसर पर अनेक साहित्यकार एवं पत्रकार उपस्थित थे ,जिनमें वरिष्ठ साहित्यकार, लेखक एवं कवियत्री डॉ. प्रज्ञा शारदा, डॉ. संगीता शर्मा कुंद्रा, राज विज, विमला गुगलानी, अन्नु रानी शर्मा, पल्लवी रामपाल, जोगिंदर जोग, प्रकाश सैनी, प्रवीण कुमार, पाल अजनबी, राजेश गणेश, आरके भगत, एमएल अरोड़ा, बिंदर माझी, संतोष गर्ग, प्रदीप शर्मा और सुरेंद्र वर्मा आदि शामिल थे। परिवार की ओर से नलिन आचार्य की पुत्रवधु ऋचा आचार्य, पुत्र सौरभ आचार्य, भाई एवं वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत आचार्य और समधी डॉ. ब्रह्म दत्त आर्य ने सभी का आभार व्यक्त किया।

error: Content can\\\'t be selected!!