पंचकूला में 19 से 28 दिसंबर तक लगेगा भव्य स्वदेशी महा-मेला

PANCHKULA, 15 DECEMBER: स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत की भावना को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पंचकूला में 19 से 28 दिसंबर तक भव्य स्वदेशी महा–मेला आयोजित किया जा रहा है। मेले की तैयारियों को लेकर आज रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता स्वदेशी जागरण मंच के उत्तर क्षेत्र संयोजक डॉ. राजेश गोयल ने की। बैठक में मेला प्रमुख रजनीश गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान 19 दिसंबर से शुरू होने वाले स्वदेशी महा-मेले की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और स्वदेशी जागरण मंच के सदस्यों को सौंपे गए दायित्वों की विस्तार से समीक्षा की गई। डॉ. राजेश गोयल ने बताया कि यह मेला भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य, उद्यमिता, नवाचार और राष्ट्रभाव का अद्भुत संगम होगा, जिसमें देश की परंपरा और आधुनिकता की झलक एक साथ देखने को मिलेगी।

पंचकूला सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस स्वदेशी मेले में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी, राज्यपाल असीम घोष, केंद्र व राज्य सरकार के कई कैबिनेट मंत्री विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इसके अलावा भजन सम्राट कन्हैया मित्तल भी मेले में पहुंचकर स्वदेशी अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे।

मेला आयोजक रजनीश गर्ग ने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचने की अपील करते हुए कहा,
“स्वदेशी ही भविष्य है। यह मेला केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्रभक्ति का विराट संगम होगा।”

वहीं अर्श गर्ग ने बताया कि विद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष आमंत्रण दिया जाएगा तथा उनके लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। मेले में लगाए जाने वाले विविध स्टॉल स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय उद्यमिता को भी सशक्त करेंगे।

इस अवसर पर राजकुमार, सहायक निदेशक आईटीआई ने आमजन के साथ-साथ स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों से स्वदेशी मेले में आने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस मेले के माध्यम से छात्र-छात्राएं स्वदेशी की महत्ता को समझेंगे और समाज में जागरूकता फैलाएंगे।

वही राजेश गोयल ने बताया कि पिछले कई महीनों से हरियाणा के गांवों और शहरों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित हों। बैठक में राजेश गोयल के साथ-साथ रजनीश गर्ग सुरेंद्र गोयल अर्श गर्ग और कई पदाधिकारी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!