बोले- चंडीगढ़ कहने को तो आधुनिक शहर है लेकिन कई मामलों में पंचकूला से भी है पीछे
CHANDIGARH, 19 DECEMBER: चंडीगढ़ में सीनियर सिटीजंस के लिए काम करने वाली संस्था ‘सेकेंड ईनिंग’ के अध्यक्ष आरके गर्ग ने चंडीगढ़ प्रशासन से चंडीगढ़ में सीनियर सिटीजन कार्ड फ्री करने और टेनेंट वेरिफिकेशन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था किए जाने का आग्रह किया है।
गर्ग ने कहा कि चंडीगढ़ में बुजुर्गों के लिए सीनियर सिटीजन कार्ड बनवाना बहुत मुश्किल काम होता जा रहा है। इस कार्ड के लिए संपर्क सेंटर में पहले तो सिंपल फॉर्म के 10 रुपए चार्ज किए जाते हैं और फिर कार्ड बनाने का चार्ज 22 रुपए लगता है। गर्ग ने सवाल उठाया है कि आखिर ये 32 रुपए का खर्च क्यों ? सीनियर सिटीजन कार्ड फ्री बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में टेनेंट वेरीफिकेशन के लिए भी बुजुर्ग मकान मालिकों को परेशान होना पड़ता है। पहले तो ऑफलाइन फॉर्म भरो, उस पर टेनेंट की फोटो लगाओ, उसके साइन और अंगूठा लगवाओ, फिर ओनर साइन करे और फॉर्म जमा करवाने के लिए संपर्क सेंटर या थाने जाओ, जबकि पड़ोसी शहर पंचकूला में ऐसा कुछ नहीं है। वहां ऑनलाइन एप्लाई करो, ऑनलाइन ही रिसिप्ट ले लो और काम खत्म।
आरके गर्ग ने कहा कि चंडीगढ़ कहने को तो आधुनिक शहर है लेकिन कई मामलों में पंचकूला से भी पीछे है। उन्होंने मांग की है कि चंडीगढ़ में भी टेनेंट वेरीफिकेशन ऑनलाइन होनी चाहिए, ताकि खास तौर से बुजुर्ग मकान मालिकों को संपर्क सेंटर या थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।

