पंजाब यूनिवर्सिटी की पीयू-सीईटी (स्नातक) और पीयूटीएचएटी-2026 परीक्षाएं स्थगित

छात्रों और अभिभावकों द्वारा उठाई गई चिंताओं पर विचार के बाद लिया निर्णय: परीक्षा नियंत्रक प्रो. जगत भूषण

CHANDIGARH, 19 DECEMBER: पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ ने प्रशासनिक कारणों से पीयू-सीईटी (स्नातक) प्रवेश परीक्षा-2026 और पंजाब विश्वविद्यालय पर्यटन एवं आतिथ्य योग्यता परीक्षा-2026 को स्थगित कर दिया है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पीयू-सीईटी (स्नातक)-2026, जो पहले 28 दिसंबर-2025 को आयोजित होनी थी, अब 10 मई-2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं, पंजाब विश्वविद्यालय पर्यटन एवं आतिथ्य योग्यता परीक्षा-2026, जो पहले 9 जनवरी-2026 को निर्धारित थी, अब 15 मई-2026 को आयोजित होगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षार्थियों और आम जनता को सूचित किया है कि दोनों परीक्षाओं का संशोधित कार्यक्रम और विस्तृत विवरण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध है। पीयू-सीईटी (स्नातक) से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी cetug.puchd.ac.in तथा पर्यटन एवं आतिथ्य योग्यता परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए puthat.puchd.ac.in पर देख सकते हैं। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे प्रवेश परीक्षाओं से संबंधित नवीनतम सूचनाओं और दिशा-निर्देशों के लिए संबंधित वेबसाइटों पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

पंजाब विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. जगत भूषण ने कहा कि पंजाब विश्वविद्यालय को सभी स्नातक प्रवेश परीक्षाओं की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। छात्रों और अभिभावकों द्वारा उठाई गई चिंताओं पर विचार के बाद विश्वविद्यालय ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी योग्य अभ्यर्थी को वास्तविक कारणों से आवेदन करने के अवसर से वंचित न होना पड़े।

error: Content can\\\'t be selected!!