प्रदेश अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा- चंडीगढ़ की जनता के पैसे के साथ किसी भी प्रकार की लूट या अनियमितता को कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। इस मामले में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को तुरंत कदम उठाने चाहिए
CHANDIGARH, 12 MARCH (ANewsoffice): पुलिस में शिकायत जाने के बाद सामने आए चंडीगढ़ नगर निगम के 116.84 करोड़ रुपए के कथित ‘घोस्ट’ फिक्स्ड डिपॉजिट घपले को लेकर राजनीतिक दलों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली को अपने निशाने पर ले लिया है। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने इस मामले पर गहरी चिंता और रोष व्यक्त किया है।
लक्की ने कहा कि यह मामला बेहद सनसनीखेज, चौंकाने वाला और रोंगटे खड़े कर देने वाला है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से इतनी बड़ी राशि के गबन या अनियमितता की बात सामने आई है, वह सीधे-सीधे शहर की जनता के साथ विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि यदि स्मार्ट सिटी के खाते से नगर निगम को मिलने वाली राशि में इस प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो यह प्रशासनिक तंत्र की गंभीर विफलता को उजागर करता है।
लक्की ने कहा कि एक ओर चंडीगढ़ नगर निगम आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। निगम के पास कर्मचारियों को समय पर वेतन देने तक के लिए पर्याप्त धन नहीं है और शहर में विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। ऐसे समय में इतनी बड़ी राशि से जुड़ा घोटाला सामने आना बेहद हैरान करने वाला और चिंताजनक है।
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। लक्की ने कहा कि जो भी अधिकारी या व्यक्ति इस घोटाले के लिए जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और उसे कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जानी चाहिए। एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता के पैसे के साथ किसी भी प्रकार की लूट या अनियमितता को कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और इस मामले में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को तुरंत कदम उठाने चाहिए।

