प्राचीन श्री हनुमान मंदिर 32-ए में पलविंद्र पलक की गायकी पर मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु

कार्यक्रम में मेयर सौरभ जोशी, पूर्व मेयर अरुण सूद, पार्षद अंजू कत्याल और अनिल दुबे भी रहे मौजूद

CHANDIGARH, 3 APRIL (ANewsoffice): सेक्टर 32-ए स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में मंदिर कमेटी की ओर से पहली बार हनुमान जन्मोत्सव और विशाल भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक कार्यक्रम में चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

कमेटी के मीडिया प्रभारी राजमोहन ढल ने बताया कि इस अवसर पर मंदिर में श्री बालाजी और खाटू श्याम महाराज का 100 फुट ऊंचा भव्य दरबार सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। शाम के समय कार्यक्रम में भक्ति का अनूठा रंग देखने को मिला। शाम साढ़े सात बजे श्री बालाजी प्रचार मंडल चंडीगढ़ की ओर से श्री हनुमान चालीसा पाठ के साथ सांध्यकालीन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके उपरांत भजन-कीर्तन और रामभजनों की अमृत वर्षा हुई।

फतेहाबाद से विशेष तौर पर आईं प्रसिद्ध भजन गायिका पलविंद्र पलक ने अपनी मधुर आवाज में ऐसे भजन गाए कि लोग मंत्रमुग्ध हो गए और भक्तिरस में झूम उठे। भंडारे में लगभग ढाई से तीन हजार श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद में मुख्य रूप से इमरती, ताजे फल और करीब 5 क्विंटल लड्डुओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम में हिंदू पर्व महासभा चंडीगढ़ की कार्यकारिणी के सदस्य, चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मेयर अरुण सूद, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल दुबे, मनीष दुबे और इलाका पार्षद अंजू कत्याल, श्री बालाजी प्रचार मंडल चंडीगढ़ की कार्यकारिणी और मंडल सदस्यों समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!