प्रशासक को लिखा पत्र: 18 वर्ष से अधिक आयु की हर महिला के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना लागू करने का किया अनुरोध
CHANDIGARH, 18 APRIL (ANewsoffice): चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल करते हुए चंडीगढ़ की 18 वर्ष से अधिक आयु की हर महिला के लिए मंथली डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) योजना का प्रस्ताव रखा है। मेयर ने इस संबंध में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया को एक पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि चंडीगढ़ में महिलाओं के खातों में आधार से जुड़ी पारदर्शी डीबीटी प्रणाली के माध्यम से हर महीने आर्थिक सहायता दी जाए। मेयर ने कहा कि महिलाएं समाज और परिवार की मजबूत नींव हैं, इसलिए उनका आर्थिक रूप से सशक्त होना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं और अब चंडीगढ़ भी इस दिशा में एक मिसाल बन सकता है। सौरभ जोशी ने अन्य राज्यों में चल रही महिला हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि चंडीगढ़ को भी ऐसी प्रगतिशील योजनाएं अपनानी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि इस योजना में विधवाओं, अविवाहित महिलाओं, दिव्यांग महिलाओं और परिवार की महिला मुखियाओं को प्राथमिकता दी जाए और पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। मेयर जोशी ने कहा कि इस योजना से न केवल परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि महिलाओं का आत्मविश्वास, सम्मान और स्वतंत्रता भी बढ़ेगी, जिससे समाज और अधिक समान और संवेदनशील बनेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चंडीगढ़ प्रशासन इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करेगा और इसे लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाएगा। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो समाज भी आगे बढ़ता है। महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण चंडीगढ़ के भविष्य को मजबूत बनाएगा।

