प्रतिनिधिमंडल ने नीड बेस्ड निर्माणों पर मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया, समस्या के व्यावहारिक समाधान का मिला आश्वासन
CHANDIGARH, 21 APRIL (ANewsoffice): चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा मकान आवंटियों को लगातार जारी किए जा रहे तोड़फोड़ के नोटिसों के कारण आवंटियों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। सेक्टर-29 और सेक्टर-30 के मकानों में भी जरूरत के आधार पर किए गए निर्माणों को तोड़ने तथा अन्य सख्त कार्रवाई किए जाने की हाल ही में आईं खबरों से सेक्टर-29 और 30 के कई लोगों की चिंताएं बढ़ गई हैं। इसको लेकर आज भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया से मिला और हाउसिंग बोर्ड के मकान आवंटियों को राहत प्रदान करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मेयर हरप्रीत कौर बबला, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दविंदर सिंह बबला, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं सेक्टर-29 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेश अरोड़ा, तथा वेलफेयर एसोसिएशन के होशियार सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक को अवगत कराया कि हाउसिंग बोर्ड के नोटिसों और संभावित कार्रवाई के कारण आम नागरिक मानसिक तनाव में हैं। भाजपा नेताओं ने निवेदन किया कि इस विषय में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए चंडीगढ़ के निवासियों को राहत प्रदान की जाए। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पूरे विषय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह से इच्छुक है कि चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के आवंटियों को राहत मिले और जो भी उचित एवं व्यावहारिक समाधान होगा, उसे लागू किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकालकर शहरवासियों को राहत दी जाएगी।

