ज्ञापन सौंपा: स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण को गति देने की मांग की
CHANDIGARH, 9 JULY (ANewsoffice): रामदरबार क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के भविष्य को संवारने तथा उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन रामदरबार के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद सरदार सतनाम सिंह संधू से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रिंसिपल डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने रामदरबार में प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए सांसद सतनाम सिंह संधू द्वारा किए गए अथक प्रयासों और सहयोग के लिए उनका धन्यवाद व आभार जताया। साथ ही कहा कि रामदरबार के सीनियर सिटीजंस और अन्य स्थानीय निवासी पिछले कई वर्षों से यहां के बच्चों के लिए एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनवाने के लिए प्रयासरत थे।
इस मुहिम में डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री समय-समय पर एसोसिएशन का मार्गदर्शन करते रहे और खेल विभाग सहित विभिन्न स्तरों पर आवश्यकतानुसार हर संभव प्रशासनिक व तकनीकी मदद पहुंचाई। डॉ. शास्त्री और एसोसिएशन के सांझा प्रयासों से ही इस विषय को सांसद सतनाम सिंह संधू के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया था। डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री ने बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य रामदरबार के बच्चों को स्कूल के समय के बाद खेलने के लिए एक बेहतरीन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इससे न केवल बच्चे गलत संगति और व्यसनों से दूर रहेंगे, बल्कि खेल के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे। इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बनने से स्थानीय युवाओं को राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने तथा देश-विदेश में चंडीगढ़ का नाम रोशन करने का अवसर मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल की पिछली मांग पर तत्परता दिखाते हुए सांसद सरदार सतनाम सिंह संधू ने संबंधित खेल विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर इस परियोजना को अमली जामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू करवाई थी, जो अब धरातल पर फलीभूत होती नजर आ रही है। एसोसिएशन और डॉ. धर्मेंद्र शास्त्री ने सांसद से पुनः आग्रह किया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लंबित कार्यों को और अधिक त्वरित गति से पूरा कराने के लिए वे संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें, ताकि निर्माण कार्य बिना किसी विलंब के जल्द से जल्द शुरू हो सके। सांसद सतनाम सिंह संधू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करवाएंगे।

