दो चरणों में पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया, 21 अगस्त को आएंगे अंतिम परिणाम, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और NSUI चुनाव प्राधिकरण ने जारी किया विस्तृत रोडमैप
CHANDIGARH, 10 JULY (ANewsoffice): भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI), जो कांग्रेस का छात्र संगठन है, ने देशव्यापी संगठनात्मक चुनावों की घोषणा के अनुरूप आज चंडीगढ़ इकाई के अपने आंतरिक लोकतांत्रिक चुनाव की विस्तृत रूपरेखा जारी की। इस प्रक्रिया के तहत कॉलेज स्तर से लेकर राज्य स्तर तक NSUI की समितियों का लोकतांत्रिक गठन किया जाएगा। यहां सेक्टर-35 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य किरण मुगबसावा, केके शास्त्री, निशांत मंडल तथा चंडीगढ़ NSUI संगठनात्मक चुनावों के प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर (PRO) संदीप सिंह रीसम ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया NSUI के तकनीक आधारित ऑनलाइन सदस्यता एवं चुनाव प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे प्रत्येक चरण में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित होगी। कोई भी पात्र स्टूडेंट NSUI का मोबाइल एप डाउनलोड कर सदस्य बन सकता है तथा इस लोकतांत्रिक संगठनात्मक प्रक्रिया में भाग ले सकता है।
नेताओं ने बताया कि 16 से 27 वर्ष आयु के सभी भारतीय नागरिक NSUI की सदस्यता ले सकते हैं। सदस्यता के लिए कॉलेज पहचान पत्र, आधार कार्ड, तीन वर्ष की सदस्यता के लिए शुल्क ₹45 निर्धारित किया गया है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि संगठनात्मक ढांचे में कांग्रेस पार्टी की समावेशी सोच को प्रतिबिंबित करते हुए महिलाओं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा अल्पसंख्यक समुदायों के लिए आरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ NSUI के संगठनात्मक चुनाव दो चरणों में होंगे। प्रथम चरण में कॉलेज एवं विश्वविद्यालय अध्यक्षों तथा समितियों के चुनाव होंगे। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 16 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी। द्वितीय चरण में जिला एवं प्रदेश अध्यक्षों तथा समितियों के चुनाव होंगे। ये चुनाव प्रथम चरण में निर्वाचित कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों द्वारा होंगे। चुनावों के अंतिम परिणाम 21 अगस्त 2026 को घोषित किए जाएंगे। नेताओं ने चंडीगढ़ के सभी छात्रों से अपील की कि वे विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक छात्र संगठन का हिस्सा बनें तथा पारदर्शी, तकनीक-सक्षम और लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से छात्र प्रतिनिधित्व को मजबूत करें।

