चंडीगढ़ में मनोनीत पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह का बहिष्कार करेगी आम आदमी पार्टी

भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्षद मनोनीत करना लोकतंत्र की हत्या और दुर्भाग्यपूर्ण : प्रदीप छाबड़ा

CHANDIGARH, 27 OCTOBER: आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के सह प्रभारी एवं पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा तथा अध्यक्ष प्रेम गर्ग ने चंडीगढ़ के प्रशासक द्वारा नगर निगम के पार्षद के रूप में भाजपा कार्यकर्ताओं के नामांकन को दुर्भाग्यपूर्ण, अनैतिक, अवैध और लोकतंत्र की हत्या करार दिया है। उन्होंने कहा कि आज आम आदमी पार्टी के पार्षदों की मीटिंग में एकमत से निर्णय लिया गया कि पार्टी के पार्षद शपथ ग्रहण समारोह का रोष प्रकट करते हुए बहिष्कार करेंगे।

प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी का ये मानना है कि पार्षदों के मनोनयन का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों जैसे चिकित्सा, इंजीनियरिंग, पर्यावरण आदि में विशेषज्ञता रखने वाले प्रतिष्ठित लोगों का चयन करना है, ताकि वे अपनी विशेषज्ञता निगम सदन में ला सकें लेकिन सत्ताधारी दल के राजनीतिक कार्यकर्ताओं को पार्षद नियुक्त करना पार्षदों के मनोनयन का उद्देश्य बिलकुल नहीं है। इस तरह के नामांकन चंडीगढ़ के मतदाताओं के जनादेश के खिलाफ हैं, जिन्होंने आम आदमी पार्टी को चंडीगढ़ नगर निगम पर शासन करने के लिए वोट दिया था। छाबड़ा ने कहा कि पहले भाजपा ने छल से अपनी पार्षद को मेयर बनाकर लोकप्रिय जनादेश को भंग कर दिया और अब बिना पात्रता वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्षद के रूप में मनोनीत कर दिया।

प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी शहर के लोगों की आवाज को दबाने के नापाक मंसूबों के लिए प्रशासक के पद का दुरुपयोग कर भाजपा के अनैतिक कदम का कड़ा विरोध करती है। चंडीगढ़ की जनता 2024 में बीजेपी को सबक सिखाएगी, जैसा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के चुनावों में सभी एबीवीपी उम्मीदवारों को हराकर दिखाया गया है।

error: Content can\\\'t be selected!!