AAP ने चंडीगढ़ में BJP को फिर दिया करारा झटकाः पूर्व सरपंच गुरदीप सिंह व जगदीप सिंह आम आदमी पार्टी में हुए शामिल

गुरदीप सिंह के साथ पूर्व पंच राजविंदर सिंह, सोहन सिंह भी हुए आम आदमी पार्टी में शामिल, पार्टी प्रभारी जरनैल सिंह ने ग्रहण कराई सदस्यता, सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा भी रहे मौजूद

CHANDIGARH: एक महीने पहले चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव के मौके पर भाजपा व कांग्रेस नेताओं के आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल होने का शुरू हुआ सिलसिला अब निगम चुनाव के महीने बाद भी जारी है। AAP चंडीगढ़ ने शहर में आज भाजपा को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है। रायपुर कलां के पूर्व सरपंच और  भाजपा के कद्दावर नेता गुरदीप सिंह भाजपा छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। मंगलवार को AAP चंडीगढ़ के प्रभारी जरनैल सिंह ने गुरदीप सिंह और उनके साथियों को पार्टी में शामिल कराया। इस मौके AAP के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा भी मौजूद थे।

बता दें कि गुरदीप सिंह अपने क्षेत्र में ईमानदार और कर्मठ नेता के रूप में जाने जाते हैं और लोगों में उनकी अच्छी पैठ भी है। उनके साथ पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश मनकोटिया, पूर्व पंच राजविंदर सिंह, मौली गांव के पूर्व सरपंच जगदीप सिंह समेत सैंकड़ों लोगों ने AAP का दामन थामा। 

आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद गुरदीप सिंह और मौली गांव के पूर्व सरपंच जगदीप सिंह ने कहा कि भाजपा अब मौकापरस्त और सत्ता के लोभी लोगों की पार्टी बन गई है। कुर्सी के लिए भाजपा नेताओं की आपसी लड़ाई का खामियाजा शहर के गरीबों और आम लोगों को भुगतना पड़ा है। भाजपा पूरी तरह अपने आदर्शों और सिद्धांतों से भटक चुकी है। जरनैल सिंह ने कहा कि भाजपा के उल्टे दिन शुरू हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा के सभी पुराने कर्मठ नेता टूटकर AAP में शामिल हो रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!