AAP तीन में न तेरह में, निगम चुनाव में BJP का सफाया तय, कांग्रेस लिखेगी विकास का नया अध्याय: हाफिज अनवार उल हक

सेक्टर-25 में हुई कांग्रेस की बैठक, प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला भी पहुंचे

CHANDIGARH: चंडीगढ़ के वार्ड नंबर-25 और 26 के प्रभारी एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक ने कहा है कि नगर निगम चुनाव-2021 में भाजपा का सफाया पूरी तरह तय है। आम आदमी पार्टी की स्थिति तीन में, न तेरह में जैसी है। लोग एक बार फिर कांग्रेस के सुखद शासनकाल को याद कर रहे हैं और इस बार चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता पुन: कांग्रेस को सौंपने के लिए आतुर हैं। कांग्रेस भी निगम में बहुमत मिलने के बाद चंडीगढ़ के विकास का नया अध्याय लिखेगी।

हाफिज अनवार उल हक आज अपने प्रभार वाले वार्डों के तूफानी दौरे के दौरान सेक्टर-25 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बड़ी बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला भी मौजूद थे। बता दें कि नगर निगम चुनाव के लिए चंडीगढ़ के वार्ड नंबर-25 और 26 का प्रभार मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष हाफिज अनवार उल हक अपने वार्डों के विभिन्न क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में अब प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शिरकत करने पहुंच रहे हैं। सेक्टर-25 में बैठक का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चड्ढा की अगुवाई में किया गया।

इस मौके पर वार्ड प्रभारी हाफिज अनवार उल हक ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अब एकजुट होकर निगम चुनाव के लिए कमर कस लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव की घड़ी नजदीक आ गई है। चंडीगढ़ को नगर निगम में भाजपा के कुशासन से मुक्त कराने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को भाजपा शासित नगर निगम के जनविरोधी फैसलों व कांग्रेस शासन के समय की उपलब्धियों से अवगत कराएं। अनवार उल हक ने कहा कि देशभर में भाजपा के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। चंडीगढ़ में भी लोग नगर निगम चुनाव के मौके पर भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठे हैं। जरूरत सिर्फ हमारी एकजुटता की है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का चंडीगढ़ में कोई जनाधार नहीं है। वह इस बार के निगम चुनाव के लिए अभी तक अपनी जमीन तलाश रही है और कहीं भी चुनावी मुकाबले में नहीं है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस निगम चुनाव में वार्ड के लोकप्रिय, स्वच्छ छवि वाले जिताऊ कार्यकर्ता को ही उम्मीदवार बनाएगी। टिकट वितरण में किसी तरह की सिफारिश या भाई-भतीजावाद को कोई तवज्जो नहीं दी जाएगी। इसलिए टिकट वितरण के मामले में किसी कार्यकर्ता को निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि पूरे जोश के साथ इस निगम चुनाव में भाजपा के सफाए का संकल्प लेकर जनता के बीच उतरें। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह बंटी, संगठन सचिव पवन अटवाल, साहिल दुबे, ओमप्रकाश सैनी, प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव ज्योति हंस, मनोज शीला फूल सिंह, रोशनी, सलीम खान समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!