आप नेता चंद्रमुखी शर्मा ने चंडीगढ़ में शुरू किया पौधारोपण अभियान, 1.11 लाख पौधे बांटे जाएंगे

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के वरिष्ठ नेता चंद्रमुखी शर्मा ने गुरुवार को शहर निवासियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पर्यावरण की देखभाल की आवश्यकता की जोरदार वकालत की। साथ ही चंडीगढ़ निवासियों को 1.11 लाख पौधे मुफ्त वितरित करने की घोषणा की।

शर्मा ने कहा कि वर्तमान में कोरोना महामारी के समय में औषधीय पौधे लगाना महत्वपूर्ण है। इससे समाज का समग्र कल्याण होगा। उन्होंने कहा कि पौध वितरण मुहिम एक महीने से अधिक समय तक जारी रहेगी। इस दौरान शहर के सभी धार्मिक स्थानों मंदिर, गुरुद्वारों, मस्जिद, चर्च आदि के बाहर चरणबद्ध तरीके से पौधों का वितरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज सिर्फ एक घंटे से भी कम समय में सेक्टर-27 स्थित मंदिर के बाहर 800 से अधिक पौधों का वितरण किया गया और इस कार्यक्रम में लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया व भागीदारी देखी गई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ वातावरण लोगों के जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाते हुए स्वच्छ हवा, पानी, स्वच्छता और हरे-भरे स्थानों को बढ़ावा देने में मदद करता है। चंडीगढ़ जैसा हरा-भरा शहर कुदरती देन है और लोगों को इसकी महिमा को बनाए रखने के साथ-साथ अपने लोगों के कल्याण को जारी रखने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पौध वितरण कार्यक्रम का विवरण सोशल मीडिया पेजों पर एक सप्ताह पहले घोषित किया जाएगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि चंडीगढ़ के निवासियों को आयोजन स्थल और समय की पूर्व जानकारी हो।

उन्होंने घोषणा की कि व्हाट्सएप नंबर 9041773096 के माध्यम से भी एनजीओ / आरडब्ल्यूए / मार्केट एसोसिएशन / सोसायटी / धार्मिक संस्थान / धर्मार्थ संस्थान आदि पौधों के लिए संदेश और अनुरोध कर सकते हैं। चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि पौधे एक महत्वपूर्ण संसाधन हैं, जो कई तरह से पृथ्वी पर जीवन का समर्थन करते हैं। औषधीय महत्व वाले पौधों की प्रभावकारिता को सत्यापित करने के लिए विश्व स्तर पर अध्ययन भी किए गए हैं, जिसमें रोग की रोकथाम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया है।

error: Content can\\\'t be selected!!