मणिपुर की महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ AAP ने चंडीगढ़ में किया प्रदर्शन

भाजपा कार्यालय के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका

CHANDIGARH, 25 JULY: मणिपुर में पिछले कई महीनों से हो रही हिंसा और महिलाओं को निर्वस्त्र करने तथा बलात्कार की घटनाओं को लेकर केंद्र की मोदी व मणिपुर की भाजपा सरकार के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ ने शहर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान AAP कार्यकर्ताओं व नेताओं ने सैक्टर-33 में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।

इस अवसर पर पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन, चंडीगढ़ के पूर्व मेयर एवं AAP के पूर्व सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के नारे लगाती है परंतु जब देश की बेटियों पर अत्याचार होता है तो यही भाजपा चुप्पी साध लेती है। उन्होंने कहा कि देश के लाखों नागरिकों ने मणिपुर की वह वीडियो देखी है जिसमें दो महिलाओं के साथ खुले आम बेखौफ हैवानियत की जा रही है। इन महिलाओं में कारगिल में युद्ध लड़े एक भारतीय फौजी की पत्नी भी शामिल है। आज हम सब उन सभी महिलाओं के लिए इंसाफ मांगते हैं जिनके साथ पिछले कुछ महीनों में हैवानियत हुई है।

विरोध प्रदर्शन में पंजाब लार्ज इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन, चंडीगढ़ के पूर्व मेयर एवं AAP के पूर्व सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा के अलावा AAP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रेम गर्ग, पार्षद प्रेमलता, दमनप्रीत सिंह व पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए।

error: Content can\\\'t be selected!!