चंडीगढ़ दिवस पर AAP की गारंटी: निगम चुनाव जीतकर शहरवासियों को 20 हजार लीटर मुफ्त पानी देंगे, 25 दिनों में एक लाख लोग पार्टी से जुड़े-जरनैल सिंह

चंडीगढ़ में भारी समर्थन मिलने पर आप नेता ने लोगों का जताया आभार
कहा- भाजपा और कांग्रेस के झूठे वादों और जन विरोधी नीतियों से ऊब चुके हैं  लोग 

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में पहली बार नगर निगम चुनाव लड़ने जा रही आम आदमी पार्टी (AAP) लोगों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रही है। चंडीगढ़ में भी केजरीवाल नाम से चलाए गए सदस्यता अभियान के तहत आम आदमी पार्टी ने मात्र 25 दिनों में 1 लाख लोगों पार्टी से जोड़ा है। यह जानकारी सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए दिल्ली के विधायक व चंडीगढ़ के प्रभारी जरनैल सिंह ने दी। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व वरिष्ठ नेता हरमोहन धवन, सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा, अध्यक्ष प्रेम गर्ग, निगम चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा, महासचिव विजयपाल सिंह समेत अन्य नेता भी मौजूद थे।

इस दौरान जरनैल सिंह ने चंडीगढ़ दिवस के उपलक्ष्य में केजरीवाल की पहली गारंटी का भी ऐलान किया, जिसके तहत शहरवासियों को प्रति माह 20 हजार लीटर साफ व मुफ्त पानी मुहैया करवाया जाएगा। वहीं भाजपा पर निशाना साधते हुए आप नेता ने कहा कि शहर को कजौली से 114 एमजीडी पानी मिल रहा है। भाजपा शासित निगम के मुताबिक पानी की खपत प्रतिदिन 245 लीटर प्रति व्यक्ति है,जोकि बहुत ज्यादा है। आंकड़ों की बात करते तो देश में पानी की खपत  प्रति व्यक्ति 135 लीटर है। आप नेता ने कहा कि यदि हम शहर में पानी की खपत 245 लीटर प्रति व्यक्ति भी मान लें, तो भी शहर में फिर भी पानी सरप्लस है। उन्होंने भाजपा से सवाल करते हुए पूछा कि जब शहर में पानी की कोई कमी नहीं है तो पानी की रेटों में तीन गुना इजाफा क्यों किया गया है? शहर में आने वाले सरप्लस पानी आखिर कहां जा रहा है? यह जांच का विषय है और प्रशासन को इसकी जांच करवानी चाहिए।
आप नेता ने कहा कि यह सभी आंकड़े भाजपा के झूठे वादों की पोल खोलते हैं,क्योंकि पिछले नगर निगम चुनाव से पहले भाजपा ने शहरवासियों को कम दरों पर 24 घंटे साफ पानी देने का वादा किया था, लेकिन भाजपा अपने सभी वादों को पूरा करने में नाकाम रही है। 

जरनैल सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ वासियों का आप के प्रति उम्मीद से अधिक सहयोग अविश्वसनीय है। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा और कांग्रेस के झूठे वादों और जन विरोधी नीतियों से ऊब चुके हैं तथा उनकी कारगुजारी से भी भली भांति वाकिफ हो चुके हैं। इसलिए लोगों ने इस बार के निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी को तीसरे विकल्प के रूप में चुनने का मन बना लिया है।

जरनैल सिंह ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने लोगों को अपने कामों से निराश ही किया है,लेकिन आप के चुनावी मैदान में आने के बाद लोगों में विकास की नई उम्मीद जगी है। क्योंकि लोग दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के विकास कार्यों  से प्रभावित हैं जिनके चर्चे देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि  इस बार नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी सभी सीटों पर जीत हासिल कर अपना मेयर बनाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!