BBMB में करोड़ों के जिंक चोरी मामले की जांच पूरी होने से पहले ही अफसरों को क्लीन चिट देने पर बिफरी एटक व कोआर्डिनेशन कमेटी

बोर्ड दफ्तर पर यूनियन की भूख हड़ताल 54वें दिन भी जारी, 11 मार्च से आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी

CHANDIGARH, 2 MARCH: भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) के चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय पर कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर चल रही क्रमिक भूख हड़ताल रविवार को 54वें दिन में प्रवेश कर गई। भाखड़ा ब्यास इम्प्लाइज यूनियन (एटक) ऐफी के बैनर तले चल रही इस क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे सुंदरनगर यूनिट के हंसराज व राजकुमार को कामरेड काबुल सिंह चंडीगढ़ व नंगल डेलीवेज यूनियन के रामपाल ने जूस पिलाकर उठाया। साथ ही अगले 24 घंटे के लिए नंगल BBMB डेलीवेज यूनियन के रामपाल व प्रदीप कुमार को यूनियन के उप महासचिव रूपलाल धीमान तथा नंगल BBMB डेलीवेज यूनियन के हरविंद्र सिंह ने हार पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया।

कोआर्डिनेशन कमेटी की और से यूनियन पदाधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगों पर बोर्ड प्रबंधन पर नकारात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया और नंगल में हुए जिंक चोरी मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग भी उठाई। एटक यूनियन के महासचिव सुरेश कुमार सैनी ने कहा कि BBMB इम्पलाइज कोआर्डिनेशन कमेटी में शामिल 8 जत्थेबंदियों एवं मीडिया तथा सीआईडी के सहयोग से यह संघर्ष मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा। भाखड़ा-ब्यास इम्प्लाइज यूनियन (एटक) सहित कोआर्डीनेशन कमेटी की आठों जत्थेबंदियों के पदाधिकारियों ने नंगल में हुए करोड़ों रुपए के जिंक चोरी मामले में गत 6 फरवरी को जबरन छुट्टी पर भेजे गए अफसरों को जांच पूरी हुए बिना और कोई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किए बिना ही 14 फरवरी को ड्यूटी ज्वाइन करवाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ उच्च अधिकारी असली दोषियों को बचाने में लगे हुए हैं, जिनके चेहरे यूनियन सामने लाने के लिए कोई भी कदम उठाने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि बोर्ड सचिवालय पर चल रही क्रमिक भूख हड़ताल को 54 दिन बीत जाने के बाद भी बोर्ड प्रबंधन के कानों तक आवाज नहीं जा रही है। जांच पूरी हुए बिना और कोई जांच रिपोर्ट सार्वजनिक किए बिना ही BBMB के नकारात्मक रवैये को लेकर भूख हड़ताल 10 मार्च तक जारी रखने के अलावा 11 मार्च से आमरण अनशन पर बैठने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया जा चुका है। उधर, BBMB डेलीवेज वर्कर्ज यूनियन नंगल ने भी लंबित मांगों को लेकर मुख्य अभियंता भाखड़ा बांध के कार्यालय नंगल के समक्ष गत 6 फरवरी से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर रखी है, जिसे आज 25 दिन हो गए हैं ।

यूनियन ने मांग उठाई कि जो अधिकारी 6 फरवरी को लंबी छुट्टी पर भेजे गए थे और जिन्हें मात्र 10 दिन के बाद ही मामले की जांच पूरी हुए बिना ड्यूटी ज्वाइन करवा दी गई है, उनको भी जांच पूरी होने तक एस.डी.ओ., जे.ई. एवं स्टोर कीपर की भांति सस्पेंड किया जाए। यूनियन महासचिव सुरेश कुमार सैनी ने कहा कि BBMB इम्पलाइज कोआर्डीनेशन कमेटी के सहयोग एवं तालमेल से लंबित मांगें पूरी होने तथा करोड़ों के जिंक घोटाले सहित अन्य सभी घोटालों की जांच सीबीआई से करवाए जाने तक चंडीगढ़ तथा नंगल में चल रहा संघर्ष जारी रहेगा। यदि बोर्ड प्रबंधन ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं तो BBMB कोआर्डिनेशन कमेटी के सहयोग से 11 मार्च से आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!