राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय सेक्टर-36 में मनाया गया वार्षिक खेल उत्सव, प्रतियोगिताओं में स्टूडेंट्स ने दिखाया दमखम

मुख्य अतिथि पार्षद जसवीर सिंह बंटी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया, स्कूल को व्हील चेयर देने की घोषणा की

CHANDIGARH, 14 DECEMBER: राजकीय आदर्श उच्च विद्यालय सेक्टर 36-डी में आज वार्षिक खेल उत्सव मनाया गया, जिसमें एरिया पार्षद जसवीर सिंह बंटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत से मुख्य अतिथि पार्षद जसवीर सिंह बंटी का अभिनंदन किया। जसबीर सिंह और विद्यालय की मुख्य अध्यापिका श्रीमती कैलाश शर्मा ने खेलों का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्री-नर्सरी से लेकर विद्यालय के 10वीं तक के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में भाग लिया। वार्षिक खेल उत्सव के दौरान स्कूल प्रांगण में पूरे जोश व उत्साह का माहौल था और बच्चे पूरी उमंग से इन खेलों में भाग ले रहे थे। दौड़ 100 मीटर की हो या रस्साकशी, बच्चों का जोश देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम के अंत में अध्यापकों ने भी इस खेल उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लिया। 300 मीटर की तेज चाल और म्यूजिकल चेयर मुकाबले का भी सभी ने लुत्फ लिया। अंत में पार्षद जसवीर सिंह बंटी और मुख्य अध्यापिका ने विभिन्न खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया।

इस मौके पर अपने संबोधन में पार्षद जसवीर सिंह बंटी ने बच्चों की उपलब्धियों पर उन्हें बधाई दी और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के महत्व की भी भरपूर जानकारी दी। साथ ही विद्यालय की व्हील चेयर की मांग को स्वीकार करते हुए कुछ ही दिनों में विद्यालय को एक व्हील चेयर देने की घोषणा की। विद्यालय की फुटबॉल टीम, जिसने तीन राज्यों के बीच हुई रिलायंस फुटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था, को भी ट्रॉफी प्रदान करके उसका प्रोत्साहन किया गया। यह खेल उत्सव अपनी अमिट यादें छोड़ गया। इस कार्यक्रम में उपरोक्त के अतिरिक्त विद्यालय के समस्त अध्यापकगण और स्टाफ के अलावा दिनेश कपिला एसएमई मेंबर, राजकुमार शर्मा, विनोद नागपाल, विनोद कौशल, पवन सिंगला आदि शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

error: Content can\\\'t be selected!!