निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ कांग्रेस को एक और बड़ा झटका, अब इस वरिष्ठ महिला नेता ने सैकड़ों समर्थकों के साथ ज्वाइन की AAP

चंडीगढ़ को  बनाएंगे कांग्रेस और भाजपा मुक्त: जरनैल सिंह

CHANDIGARH: नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस से नेताओं के इस्तीफे रुक नहीं रहे हैं। आज प्रदेश कांग्रेस की सचिव प्रेम लता भी अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गईं। इसे यहां कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। क्योंकि प्रेमलता कांग्रेस की उन सक्रिय नेताओं में शामिल रही हैं, जो अपने क्षेत्र में खासी लोकप्रिय भी हैं। साथ ही पूरी निष्ठा के साथ पार्टी की गतिविधियों में सबसे आगे रही हैं।

चंडीगढ़ में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीति गर्माने लगी है। सोमवार को आम आदमी पार्टी आफिस में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली के विधायक और चंडीगढ़ के प्रभारी जरनैल सिंह ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की सचिव प्रेम लता व उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए उन्हें औपचारिक रूप से आम आदमी पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा, अध्यक्ष प्रेम गर्ग, चुनाव प्रचार समीति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा, महासचिव विजयपाल सिंह भी उपस्थित थे।

बता दें कि प्रेम लता पिछले 15 सालों से कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रूप में काम कर रही थीं। उनके साथ कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष हरप्रीत उप्पल, उपाध्यक्ष इष्पिंदर सिंह, जगतार सिंह, प्रीतपाल कौर, पुलकित सिंह तथा सचिव करणवीर सिंह ने भी आम आदमी पार्टी का दामन थामा।

इस दौरान जरनैल सिंह ने कहा कि प्रेमलता और उनके साथियों के आम आदमी पार्टी में शामिल होने से पार्टी को और मजबूती मिली है। कांग्रेस नेताओं का स्वागत करते हुए आप नेता ने कहा कि दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में कांग्रेस जीरो हो गई है। अरविंद केजरीवाल की लोक हितैषी नीतियों को देखते हुए देशभर में लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम चुनाव जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस की तरह झूठे वादे नहीं करते, जो केवल मैनिफेस्टो तक सिमट कर रह जाते हैं, बल्कि गारंटी देते हैं, जिसका ताजा उदाहरण दिल्ली की अरविंद केजरीवाल की सरकार है तथा दिसंबर में होने वाला चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव जीतने के बाद चंडीगढ़ में भी दिल्ली की तर्ज पर सभी वादों को पूरा किया जाएगा। जरनैल सिंह ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनाव में चंडीगढ़ को कांग्रेस और भाजपा मुक्त कर दिया जाएगा।

वहीं, प्रेम लता ने कहा कि ईमानदार और कर्मठ कार्यकर्ताओं की कांग्रेस में कोई सुध लेने वाला नहीं है। कांग्रेस सिर्फ एक पारिवारिक निजी कंपनी है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की ओर से उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगी।

error: Content can\\\'t be selected!!