भारत बंद: किसानों के पक्ष में चंडीगढ़ कांग्रेस ने दर्ज की प्रभावी उपस्थिति, प्रदीप छाबड़ा समेत सैकड़ों कांग्रेसियों को पुलिस ने हिरासत में लिया

कांग्रेसजनों ने हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर 3 घंटे जाम रखा चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे

CHANDIGARH: तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष कर रहे किसानों द्वारा आज भारत बंद के आह्वान का चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने भी पूरा समर्थन किया और किसानों के पक्ष में प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आदेशानुसार चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसजनों ने हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर लगभग 3 घंटे जाम लगाए रखा। इससे चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे पर यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने प्रदीप छाबड़ा समेत सैकड़ों कांग्रेसजनों को हिरासत में लेकर जाम खुलवाया।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर चंडीगढ़-दिल्ली हाइवे जाम करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

बाजारों में भी दिखा बंद की अपील का असर
केंद्र की मोदी सरकार द्वारा देश में लागू किए गए तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल, विभिन्न सैल्स के चेयरमैन, ब्लॉक अध्यक्ष, गांवों, कालोनियों व शहर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सुबह से ही चंडीगढ़-दिल्ली हाईवे पर एकत्रित होने शुरू हो गए थे। पुलिस हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट पर बेरिकेड्स लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिशें करती है। इस दौरान घंटों जाम की स्थिति बनी रही। इधर, शहर में कल कांग्रेस नेताओं ने विभिन्न मार्केट्स में जाकर दुकानदारों से मंगलवार को सुबह 11 से 3 बजे तक दुकानों को बंद रखने की अपील की थी। इसका भी आज बाजारों में सकारात्मक प्रभाव दिखा। कई सेक्टरों, कालोनियों व गांवों में दुकानें बंद रहीं।

तीनों काले कृषि कानून मोदी सरकार को रद्द करने ही होंगे: प्रदीप छाबड़ा
लोगों को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि तीनों काले कृषि कानूनों को मोदी सरकार को रद्द करना ही होगा। कांग्रेस शुरू से ही इनका विरोध करती आई है और ये किसानों व मजदूरों के भविष्य की लड़ाई है। छाबड़ा ने कहा कि इन कानूनों के जरिए किसान-मजदूरों को पूंजीपतियों का गुलाम बनाने की कोशिश गई है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अब पूंजीपतियों की सरकार बनकर रह गई है।

बीजेपी ऑफिस के बाहर प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग की निंदा की
भारत बंद के दौरान आज सेक्टर-33 स्थित बीजेपी ऑफिस का घेराव कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज व पानी की बौछारें किए जाने की निंदा करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि आम लोग केंद्र की मोदी सरकार द्वारा बनाए गए तीन नए काले कृषि कानूनों के खिलाफ तथा किसान आंदोलन के समर्थन में बीजेपी ऑफिस के बाहर शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे थे। लोकतंत्र में अपनी बात रखने का सबको अधिकार है लेकिन बीजेपी अपने तानाशाही रवैये से लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है, जिसकी कांग्रेस कड़े शब्दों में निंदा करती है। छाबड़ा ने कहा कि अब परेशान जनता ने बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंकने का प्रण कर चुकी है।

भारत बंद: चंडीगढ़ में जोरदार हंगामा, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी, घेरा BJP ऑफिस, बैरिकेड तोड़े, वाटर कैनन पर जा चढ़े, देखिए FULL EXCLUSIVE VIDEO कवरेज

error: Content can\\\'t be selected!!